
भोपाल. द कश्मीर फाइल्स के बाद अब द केरला स्टोरी. इस फिल्म के लेकर भी सियासत मची हुई है. विपक्ष के नेताओं ने सवाल उठाए तो मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ने कांग्रेस के 2 बड़े नेताओं के लिए थिएटर में दो टिकट बुक करवा दिए. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के लिए टिकट बुक करवाकर उन्हें भेज भी दिए हैं.
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को फिल्म देखने की सलाह दी है. नरोत्तम मिश्रा का कहना है कांग्रेस नेताओं का दृष्टिकोण बदलने के लिए उन्हें फिल्म देखने की जरूरत है. जो नेता जाकिर नायक को शांतिदूत कहते हों, खरगोन के दंगों के बाद सरकार की कार्रवाई से दुखी होते हैं. उन्हें यह फिल्म जरूर देखना चाहिए.
बीजेपी के अटैकिंग मोड पर कांग्रेस का भी बयान आया है. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा यदि फिल्म सच घटना पर आधारित है और इस तरीके के हालात बन रहे हैं तो इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है. सरकार का इंटेलिजेंस फेलियर सामने आया है. सरकार को फिल्म को टैक्स फ्री करने के बजाए महंगाई को कम करने के लिए वेट कम करना चाहिए ताकि जनता का भला हो. बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं को फिल्म दिखाएं और यह भी बताएं कि इस तरह के हालात पर काबू पाने में सरकार फेल साबित हो रही है.
लव जिहाद
लव जिहाद और धर्मांतरण पर केंद्रित द केरला स्टोरी मूवी को लेकर प्रदेश में सियासत जारी है. शिवराज सरकार फिल्म को टैक्स फ्री कर चुकी है. बीजेपी के नेता कार्यकर्ताओं को लेकर थिएटर में फिल्म देखने जा रहे हैं. लेकिन अब बीजेपी ने कांग्रेस नेताओं को भी फिल्म देखने की सलाह दी है. फिल्म को रिलीज हुए 4 दिन हो चुके हैं लेकिन इस पर छिड़ी सियासत अभी कुछ और दिन चलने के आसार दिखाई दे रहे हैं.








