
हाइलाइट्स
किम्मूज किचन की शुरुआत 2020 में हुई थी.
घी को लुधियाना में बनाकर मुंबई भेजा जाता है.
घी की शुरुआती कीमत 399 रुपये है.
नई दिल्ली. कमलजीत कौर पंजाब से आती हैं लेकिन अब वह मुंबई में ही रहती हैं. 51 वर्षीय कमलजीत अपने घर से ही बिजनेस चलाती हैं. कोविड-19 के दौरान उन्हें भी संक्रमण हुआ था. बकौल कमलजीत, डॉक्टर लगभग हार मान चुके थे, संक्रमण बहुत बुरा था. हालांकि, वह ठीक हो गईं लेकिन संक्रमण ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि बचपन में किस तरह दूध-घी खाया करती थीं जिससे उनकी इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग हुई. उन्हें शहर में इस चीज की कमी महसूस हुई.
उन्होंने कहा कि वह शादी से पहले तक जब अपने गांव लुधियाना में थी तब वह कभी इस तरह से बीमार नहीं हुईं. बकौल कमलजीत शादी के बाद चीजें बदलीं और ताजा दूध, मक्खन व घी वगैरह मिलना बंद हो गया. इसके बाद इम्युनिटी भी उतनी मजबूत नहीं रही. इन्हीं सब बातों को सोचते हुए उन्होंने शुद्ध देसी घी बनाने की ठानी. इसके लिए करीब 3 महीने की रिसर्च की गई और फिर किम्मू किचन का जन्म हुई. इसकी शुरुआत 2020 में हुई थी.
दही से घी
कमलजीत ने घी बनाने की बिलोना पद्धति को चुना. यह काफी जटिल प्रक्रिया है लेकिन इससे बना घी आम घी से कहीं ज्यादा पौष्टिक और अशुद्धि रहित होता है. यही कारण है कि इसकी कीमत भी ज्यादा होती है. आमतौर पर घी को सीधे दूध को जलाकर या फिर क्रीम से बनाया जाता है. लेकिन बिलोना घी को दही से निकाला जाता है. यह कई घंटों की प्रोसेस होती है.
लुधियाना में ही बनाया जाता है घी
कमलजीत ने बताया कि पहले वह इस घी को मुंब्रा (ठाणे का एक नगर) में ही बनाती थीं. हालांकि, दूध की क्वालिटी बेहतर नहीं होने के कारण इसे लुधियाना में बनाकर मुंबई लाने का फैसला किया गया. अब ये घी लुधियाना में सेटअप एक यूनिट में बनाया जाता है और फिर वहां से मुबंई भेजा जाता है. कमलजीत बताती है कि किसी दिन उन्हें 100 ऑर्डर मिलते हैं तो किसी दिए एक भी ऑर्डर नहीं आता है. वह कहती हैं कि इसे जारी रखना कितना भी मुश्किल हो वह इस बिजनेस से खुश हैं.
20 लाख की आय
उनके बेटे हरप्रीत ने बताया कि लुधियाना में उनके पास पहले से एक सेटअप मौजूद था बस उसे थोड़ा सा अपडेट किया गया. इसके अलावा बिजनेस शुरू करने के लिए कुछ निवेश किये गए. कुल 8 लाख रुपये का खर्च आया. वहीं, एक साल में इस बिजनेस से उनकी कमाई करीब 20 लाख रुपये हुई. कमलजीत की कंपनी 220, 500 और 1000 एमएल की बोटल में घी बेचते. इसकी कीमत 399 रुपये से शुरू होती है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Business ideas, Success Story, Women Entrepreneurs, Womens Success Story
FIRST PUBLISHED : May 08, 2023, 11:07 IST








