
सासाराम. बिहार के सासाराम शहर में शनिवार को एक अजीबोगरीब घटना हुई. मुफस्सिल थाना के मुरादाबाद के पास स्थित नहर से भारी मात्रा में नोट (कैश) मिलने की सूचना मिली. शनिवार को अचानक लोगों को पता चला कि मुरादाबाद के नहर में भारी संख्या में नगदी फेंका हुआ है फिर क्या था सूचना मिलते ही नोट लूटने की होड़ मच गई. आसपास के लोग पानी में उतर कर नोटों का बंडल लेकर भागने लगे. ज्यादातर 10 और 100 के नोट बताए जा रहे थे.
चुकी नोट लूटते हुए वीडियो तेजी से वायरल होने लगा तो देखते ही देखते काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. नोटों का बंडल बहता देख लोग आश्चर्यचकित हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह-सुबह लोगों ने नोट के बंडल पानी में तैरते देखे तो आसपास के लोग पानी में उतर कर नोट का बंडल लूटने लगे. सवाल यह है कि आखिर ये कैश कहां से आया या फिर ये किस तरह का नोट है ? यह नोट असली है या फिर नकली या फिर पुराने नोट हैं ?
यह सब जांच के बाद ही पता चल सकता है लेकिन फिलहाल इस घटना की काफी चर्चा हो रही है. मौके पर पुलिस पहुंच कर भीड़ को खदेड़ दिया. प्रत्यक्षदर्शी पवन कुमार तथा अक्षय कुमार ने बताया कि ज्यादातर नोट पानी में रहकर कारण गीले हो गए थे. नोटों के बंडल रस्सियों से बंधे हुए थे. बांधे गए नोटों में ज्यादातर 10 के नोट थे. जिससे आसपास के लोग उठाकर अपने अपने घर ले गए तथा उसे धूप में सुखाने लगे. अफरा तफरी में नोटों का बंडल तितर-बितर भी हो गया.
पुलिस का कहना है कि यह अफवाह भी हो सकता है लेकिन जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है. मुफस्सिल थाना के अध्यक्ष रिजवान खान कहते हैं कि मुरादाबाद पुल के पास अफरा-तफरी की खबर मिली. जिसकी सूचना पर वो दलबल के साथ पहुंचे. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने पानी में रुपए बिखरे होने की बात बताई है लेकिन यह अफवाह भी हो सकता है. इसकी जांच की जा रही है उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
आखिर किसके थे पैसे ?
अब सवाल उठता है कि इतनी बड़ी रकम किस आधार पर नहर में फेंका हुआ मिला है. यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. लेकिन नहर में आखिर रुपए का बंडल आया तो कहां से आया? यह पहेली बनी हुई है. लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. कुछ लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि यह पैसा किसी नेता का है, जो ईडी की छापामारी से बचने के लिए फेंक दिया है. या फिर यह काला धन भी हो सकता है. जो किसी ने बचने के लिए फेंक दिया हो.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 23:39 IST








