
रिपोर्ट- रूपेश कुमार प्रधान
पश्चिमी सिंहभूम. झारखंड में हत्या का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने अपने पति की पहले तो हत्या की फिर थाने में जाकर सरेंडर करते हुए खुद पुलिस को इसकी जानकारी भी दी. हत्या का ये मामला पश्चिमी सिंहभूम जिला से जुड़ा है. जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के सुदूर क्षेत्र में स्थित हतनाबेड़ा गांव में पति-पत्नी के आपसी झगड़ा हुआ था.
जानकारी के मुताबिक इसी झगड़े में पत्नी द्वारा धारदार हथियार से पति की हत्या कर दी गई. घटना शुक्रवार देर रात की है. शनिवार की सुबह महिला ने खुद टोकलो थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, उसके बाद पुलिस गांव में पहुंची और शव को बरामद करने के साथ ही मामले की छानबीन की. मिली जानकारी के मुताबिक हतनाबेड़ा गांव में 42 वर्षीय बुधराम सामड का कुछ साल पहले सीमा होनहागा संग शादी हुई थी. शादी के बाद से दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था.
आसपास के लोग भी दोनों को काफी समझाते थे, लेकिन दोनों समझने को तैयार नहीं थे. इस बीच शुक्रवार की देर रात भी दोनों में काफी झगड़ा हुआ. देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने धारदार हथियार से पति बुधराम सामड के सिर और गर्दन पर हमला कर दिया. इस हमले में बुधराम सामड की वहीं मौत हो गई.
शनिवार की सुबह पत्नी ने खुद टोकलो थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और पुलिस को इस घटना की जानकारी दी. इस संबंध में टोकलो थाना प्रभारी विल्सन गुड़िया ने बताया कि पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद खुद थाने में आकर आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Crime News, Husband murder, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 18:13 IST








