
शाश्वत सिंह/झांसी. भगवान श्रीकृष्ण का एक मशहूर भजन है, “राधे-राधे जपो, चले आएंगे बिहारी”, लेकिन झांसी की रहने वाली प्रीति अग्रवाल ने इस भजन को एक नए रूप में सार्थक कर दिया है. उन्होंने राधे-राधे जप कर नहीं बल्कि राधे-राधे लिखकर राधा-कृष्ण का मनमोहक चित्र बना दिया है.
प्रीति ने सिर्फ इन्हीं दो शब्दों को लिखकर राधा-कृष्ण की एक सुंदर चित्र बना दिया है. इस चित्र को जो भी देख रहा है, वह उसकी तारीफ करते नहीं थक रहा है. प्रीति ने बताया कि वह बचपन से ही मथुरा वृंदावन जाती रही हैं. भगवान कृष्ण के प्रति उनके मन में विशेष आस्था है.
1 लाख 50 हजार बार लिखा राधा-राधा
कुछ समय पहले उन्होंने तय किया कि वह राधा नाम लिखकर ही एक चित्र बनाएंगी. उन्होंने लगभग एक महीने पहले यह चित्र बनाना शुरू किया था. इस चित्र को बनाने में उन्होंने 1 लाख 50 हजार से अधिक बार ‘राधा-राधा’ लिखा. प्रीति एक गृहणी हैं और घर के काम से जब भी फुर्सत मिलती थी तो वह चित्र बनाने में जुट जाती थीं.
सीएम योगी कर चुके तारीफ
प्रीति ने बताया कि उनकी यह इच्छा है कि मथुरा में बन रहे कॉरिडोर में उनकी इस चित्र को भी स्थान मिले. यह उनकी तरफ से भगवान कृष्ण को भेंट होगी. पूर्व में भी प्रीति अग्रवाल चावल के दानों पर पूरा सुंदरकांड लिख चुकी हैं. उनके इस हुनर की तारीफ खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी उन्होंने अपने इस कार्य के बारे में बताया था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Jhansi news, Lord krishna, Painting, UP news
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 18:36 IST








