
आदित्य तिवारी/भोपाल: कोई गदर कहता है तो कुछ इसे 7833 के नाम से जानते हैं, जी, हां हम बात कर रहे हैं 1975 मॉडल के एक ट्रक की, जिसे नगर निगम द्वारा बहुत जल्द स्क्रैप कर दिया जाएगा. आज से लगभग 48 वर्ष पहले इस ट्रक को भोपाल नगर निगम के बेड़े का हिस्सा बनाया गया था.
अब नगर निगम सिर्फ इसे ही नहीं बल्कि करीब 243 वाहनों को जिन्हें 15 साल पहले खरीदा गया था, स्क्रैप करने की तैयारी में है. ट्रक 7833 को गदर कहने के पीछे भी वजह है. दरअसल, गदर फिल्म में इसी तरह के मॉडल वाले ट्रक को चलाते हुए फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता सनी देओल नजर आए थे और इसी वजह से कर्मचारियों ने इस ट्रक को गदर नाम दे दिया.
7833 को सबसे पहले क्रेन के रूप में उपयोग किया जाता था. ऐसा करने के लिए नगर निगम ने इस ट्रक का पिछला भाग काट दिया था. स्क्रैप होने वाले वाहनों में वर्ष 1970 में खरीदा गया फायर फाइटर सबसे पुराना है, जो कि 4500 से अधिक स्थानों को 53 सालों में कवर कर चुका है.
वहीं नगर निगम कमिश्नर वीएस चौधरी कोलसानी ने बताया कि यूनीडो से भोपाल नगर निगम का एग्रीमेंट हुआ है, जिसका का एक अहम कारण है कि हमारे पर्यावरण में जो कार्बन फैल रहा है, उसको कम किया जा सकेगा.
यूनीडो करेगा बजट आउट
नगर निगम ने इस कार्य के लिए 100 सीएनजी मैजिक व्हीकल मंगाए हैं, जिनका आरटीओ में पंजीकरण प्रोसेस शुरू हो चुका है. इसका बजट यूनीडो द्वारा आउट किया जाएगा. साथ ही नई गाड़ियों को स्क्रैप पॉलिसी में हटाए जाने वाले वाहनों की जगह इस्तेमाल किया जाएगा. इसके लिए नगर निगम द्वारा 30 करोड़ की व्यवस्था की गई है. असिस्टेंट इंजीनियर मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट चंचलेश गिरहारे ने बताया कि जो वाहन स्क्रैप पॉलिसी के भीतर आते हैं, उनका सबसे पूर्व मूल्यांकन किया जाएगा. यह कार्य एक्सपर्ट्स की टीम करती है. जिसके बाद नीलामी होती है.
फायर ब्रिगेड शाखा के 35 वाहन होंगे स्क्रैप
स्क्रैप पॉलिसी का सबसे अधिक प्रभाव नगर निगम की फायर ब्रिगेड शाखा पर देखने को मिलेगा, क्योंकि इस शाखा के पास वर्तमान में 35 वाहन हैं. इसमें से वर्ष 2008 से पहले 16 फायर फाइटर के साथ टैंकर खरीदे गए हैं. इसी के साथ इस पॉलिसी में आने वाले 20 ट्रैक्टर एवं टैंकर जलकार्य शाखा से हैं. जिस वजह से इस पर स्क्रैप पॉलिसी का काफी असर देखने को मिल सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 15:16 IST








