
हाइलाइट्स
कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष खड़गे के पूरे परिवार को साफ करने के साजिश का आरोप लगाया.
जबकि राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी ने इससे इनकार किया है.
कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने 10 मई को होने वाले चुनाव से कुछ दिन पहले ये आरोप लगाया.
बेंगलुरु. कांग्रेस (Congress) के महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को एक सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge), उनकी पत्नी और उनके पूरे परिवार को साफ करने के लिए एक एक भाजपा उम्मीदवार ने हत्या की साजिश रची है. जबकि राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी ने इससे इनकार किया है. कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने 10 मई को होने वाले चुनाव (Karnataka election) से कुछ दिन पहले एक प्रेस कांफ्रेंस में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग चलाई. जिसमें कलबुर्गी जिले की चित्तपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ को कथित तौर पर कन्नड़ में यह कहते हुए सुना गया है कि वह ‘खड़गे, उनकी पत्नी और बच्चों का सफाया कर देंगे.’
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि ‘कांग्रेस पार्टी पर कन्नडिगों के चौतरफा आशीर्वाद से डरी और आगामी कर्नाटक चुनाव में हार को सामने देखते हुए भाजपा नेता अब मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या की साजिश रच रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि यह ‘सबसे निचले स्तर की राजनीतिक बातचीत है, जिस हद तक कोई गिर सकता है. अब हत्या की साजिशों की बात कर्नाटक के चुनावी माहौल में प्रवेश कर चुकी हैं.’ उन्होंने यह भी दावा किया कि राठौड़ ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के आंखों तारे थे.’ सुरजेवाला ने कहा कि ‘मैं जानता हूं कि प्रधानमंत्री मौन रहेंगे और कर्नाटक पुलिस और भारत का चुनाव आयोग भी. लेकिन कर्नाटक के लोग मूक नहीं रहेंगे और मुंहतोड़ जवाब देंगे.’
वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इन आरोपों की जांच का वादा करते हुए कहा कि ‘हम मामले को गंभीरता से लेंगे. हम पूरे मामले की जांच करेंगे और कानून अपनी कार्रवाई करेगा.’ बहरहाल इन विधायक राठौड़ ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि ऑडियो नकली था और कांग्रेस ने उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी ढंग से बनवाया था. उन्होंने कहा कि उनका खड़गे या उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है और उन्हें चुनाव जीतने का पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि ‘यह सब झूठ है. वे कुछ फर्जी ऑडियो चला रहे हैं. कांग्रेस हार के डर से बेबुनियाद आरोप लगा रही है.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: BJP, Congress, Karnataka Assembly Election 2023, Karnataka Assembly Elections, Mallikarjun kharge
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 15:04 IST








