
हाइलाइट्स
देश के शीर्ष पहलवान 23 अप्रैल से जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं
WFI अध्यक्ष के खिलाफ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं
नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) के खिलाफ पहलवानों का जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी पहलवानों के समर्थन में आए द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच महावीर सिंह फोगाट (Mahavir Phogat) ने शुक्रवार को बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर पहलवानों को इंसाफ नहीं मिला तो वो अपने मेडल लौटा देंगे. इंसाफ नहीं मिलने पर वह अपने पदक वापस कर देंगे. बजरंग पूनिया सहित विनेश फोगाट और साक्षी मलिक 23 अप्रैल से धरना पर बैठे हैं. भारतीय महिला पहलवानों ने कुश्ती महासंघ अध्यक्ष के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ 2 एफआईआर दर्ज की है. लेकिन, अबतक पूछताछ नहीं हुई है.
ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया , विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट समेत पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली में धरने पर बैठे हैं. वे सात पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष और भाजपा सांसद सिंह को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं.
‘ …नहीं तो पदक कर दूंगा वापस’
महावीर फोगाट ने कहा , ‘अगर इस मामले में इंसाफ नहीं मिला तो मैं अपने पदक वापस कर दूंगा. उस पर जिस तरह के आरोप हैं, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए.’ तीन साल पहले भाजपा से जुड़े फोगाट से पूछा गया कि क्या उन्होंने सरकार से बात की है या पार्टी के स्तर पर मसला उठाया है, उन्होंने कहा , ‘ऐसी कोई बात नहीं हुई है.’ प्रदर्शनकारी पहलवानों ने भी पद्मश्री समेत अपने पदक और पुरस्कार लौटाने की धमकी दी है.
गीता फोगाट ने दिल्ली पुलिस पर लगाए ये आरोप
इस बीच हरियाणा में कई खापों ने भी प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन किया है. हिसार, भिवानी, जिंद और रेाहतक में कई खाप ने पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन किए. महावीर फोगाट पहलवान गीता और बबीता फोगाट के पिता और विनेश के चाचा हैं. पहलवानों का कहना है कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलेगा, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. दूसरी ओर, इन पहलवानों के प्रदर्शन को सपोर्ट कर रहीं गीता फोगाट का कहना है कि उन्हें दिल्ली जाने से रोक दिया गया. दिल्ली पुलिस ने उनकी गाड़ी को बॉर्डर पर ही रोक दी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bajrang punia, BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Mahavir Phogat, Vinesh phogat
FIRST PUBLISHED : May 05, 2023, 14:51 IST








