
दरभंगा. नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. राज्य निर्वाचन आयोग बिहार द्वारा सभी जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश जारी हुआ था. नगरपालिका आम निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने के निमित्त सभी आवश्यक तैयारी करने के संबंध में निर्देशित करते हुए सूचित किया गया था कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद किसी भी समय निर्वाचन संपन्न कराये जाने की घोषणा हो सकती है.
उक्त के क्रम में सूचित करना है कि नगरपालिका, जो नवगठन, उत्क्रमण, सीमा विस्तार के कारण अधिसूचित है उसका आम निर्वाचन संपन्न होगा. 4 मई 2023 को नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार द्वारा औपचारिक रूप से अधिसूचना निर्गत कर दी गई है.गौरतलब है कि दरभंगा जिला में नगर परिषदजाले तथा नगर पंचायत, घनश्यामपुर, बिरौल एवं कमतौल अहियारी में 09 जून को मतदान एवं 11 जून को मतगणना कराया जाएगा.
9 मई को प्रपत्र-11 में सूचना का होगा प्रकाशन
9 मई को निर्वाची पदाधिकारी द्वारा प्रपत्र -11 में सूचना का प्रकाशन किया जाएगा. इसके साथ ही 9 मई से 17 मई 2023 तक सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक नामांकन प्राप्त करने की तिथि निर्धारित की गई है. वहीं 18 मई से 20 मई 2023 तक नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा की जाएगी. पत्र में कहा गया कि 21 मई से 23 मई 2023 तक अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है.
इसके साथ ही 24 मई 2023 को अभ्यर्थिता वापसी के पश्चात अंतिम रूप से अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन व प्रतीक चिन्ह(सिंबल) आवंटित किया जाएगा. पत्र में कहा गया कि 9 जून 2023 को सुबह 07:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक मतदान निर्धारित की गई है. वहीं मतगणना 11 जून 2023 को 08:00 से निर्धारित की गई है.
मतगणना जिला मुख्यालय में होगा संपन्न
उन्होंने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन2022 की भांति संबंधित निर्वाची पदाधिकारी द्वारा मतगणना जिला मुख्यालय में संपन्न कराया जाएगा. पत्र में कहा गया कि नगरपालिका आम निर्वाचन संपन्न कराने हेतु राज्य सरकार से अधिसूचना निर्गत होते ही संबंधित नगरपालिका क्षेत्र में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निरूपित आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है, जो मतगणना के पश्चात विधिवत रूप से परिणाम घोषणा होने तक लागू रहेगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 05, 2023, 21:59 IST








