परीक्षा का तनाव छोड़ आत्मविश्वास से भरें उड़ान- डॉ . हरिओम

 

कौशाम्बी- स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कौशाम्बी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष 2026 बैच के विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले तनाव प्रबंधन और प्रभावी तैयारी को लेकर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए परीक्षा को लेकर उनकी चिंताओं और समस्याओं को सुना तथा तनाव को नियंत्रित कर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया

प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा डरने का नहीं, अपनी मेहनत और ज्ञान को साबित करने का अवसर है। विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव से बचने के लिए समय का बेहतर प्रबंधन, नियमित अध्ययन और बार-बार पुनरावृत्ति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त नींद, संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक सोच भी परीक्षा के दौरान एकाग्रता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि परीक्षा नजदीक आने पर अनावश्यक तनाव लेने के बजाय पढ़ाई की प्राथमिकताएं तय करें और योजनाबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करें। किसी विषय में कठिनाई होने पर शिक्षक से मार्गदर्शन लेने तथा अपनी शंकाओं का समय रहते समाधान कराने पर भी जोर दिया।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. सरस्वती जायसवाल ने विद्यार्थियों से परीक्षा की तैयारियों एवं परीक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने परीक्षा की प्रक्रिया, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन तथा परीक्षा के दौरान ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र मिश्रा, डॉ. संदीप एवं डॉ. प्रीतिमा ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने नियमित पुनरावृत्ति, कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने को कहा ।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More