कौशाम्बी–
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं देशप्रेम की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज जनपद स्तरीय तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
इस तिरंगा रैली में मा. जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों/कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
जनपद स्तरीय तिरंगा रैली का शुभारम्भ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया।
रैली में अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, सदस्य उ0प्र0 राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा, निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

तिरंगा रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारम्भ होकर मंझनपुर चौराहा होते हुए डायट मैदान तक निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने जनपदवासियों से अपील की कि 13 से 15 अगस्त 2026 तक अपने घरों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।

रैली में शामिल छात्र-छात्राओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा लहराते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। जनपदवासियों में भी तिरंगा रैली को लेकर विशेष उत्साह एवं देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।






