कौशाम्बी–
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज उदयन सभागार में बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, समाज कल्याण एवं उच्च शिक्षा विभाग के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत मुख्यमंत्री माॅडल कम्पोजिट विद्यालय,बसुहार के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान फिनीशिंग कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए परियोजना प्रबन्धक, सी.एन.डी.एस. को और लेबर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री माॅडल कम्पोजिट विद्यालय,कड़ा के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान कहा कि कार्ययोजना बनाकर निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गाॅधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष आदि के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता, यू.पी.सी.एल.डी.एफ को अवशेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर हैण्डओवर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने परियोजना प्रबन्धक,सी.एन.डी.एस. को कस्तूरबा गाॅधी आवासीय बालिका विद्यालय में बाउण्ड्रीवाल का कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट अलंकार के अन्तर्गत राजकीय विद्यालयों में कराए जा रहें कार्यो की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता,यू.पी.सिडको को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर हैण्डओवर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने राजकीय विद्यालयों में भी बाउण्ड्रीवाल का कार्य इस माह पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय महिला महाविद्यालय, मूरतगंज के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।






