कौशाम्बी —
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा क्षेत्र 252–मंझनपुर (अ0जा0) में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत प्रकाशित आलेख निर्वाचक नामावलियों के प्रकाशन के उपरांत सोमवार को सभी सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक तहसील सभागार मंझनपुर में ईआरओ एवं एसडीएम मंझनपुर एसपी वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री अनुप वर्मा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 3000 रुपये, श्री नौशाद अहमद को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप 2000 रुपये तथा श्री ओमदत्त त्रिपाठी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 1000 रुपये की धनराशि प्रदान की गई। बैठक के दौरान उपस्थित सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की गहन समीक्षा करते हुए अस्पष्ट फोटो, अशुद्ध रिलेशनशिप, आयु संबंधी त्रुटियां एवं अन्य विसंगतियों को चिन्हित कर बीएलओ के माध्यम से शुद्धिकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित बनाई जा सके।इस अवसर पर तहसीलदार मंझनपुर सिद्धान्त कुमार, रिटर्निंग ऑफिसर (निर्वाचन) मंझनपुर मनीष पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक सुरेश मौर्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया।









