कौशाम्बी—
महेवाघाट थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। ग्राम अंधावा निवासी संध्या तिवारी (20) पत्नी शिव विधान तिवारी का शव बुधवार देर रात ससुराल के कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। परिजन गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल मंझनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:30 बजे संध्या ने कमरे के कुंदे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।बताया गया कि संध्या की शादी बीते 29 नवंबर 2025 को अँधावा गांव में हुई थी।संध्या का मायका रायबरेली जनपद के ऊंचाहार है। शादी को अभी डेढ़ माह भी नहीं बीता था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि संध्या घरेलू विवादों को लेकर मानसिक तनाव में रहती थी। छोटी-छोटी बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी होती रहती थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। नवविवाहिता की असमय मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।









