
हाइलाइट्स
आईएएस रिया डाबी के पति आईपीएस मनीष कुमार इस महीने के अंत तक देंगे राजस्थान में ज्वानिंग
मसूरी के खूबसूरत पहाड़ दिलों को करीब ले आए और 2016 बैच के छह जोड़े शादी के बंधन में बंधे
तेजतर्रार आईएएस तेजस्वी राणा को मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में मिला प्यार
एच. मलिक
जयपुर. अपने प्राकृतिक और नैसर्गिक सौंदर्य के लिए सुविख्यात मसूरी की वादियों ने राजस्थान के चर्चित आईएएस और आईपीएस (IAS and IPS) अफसरों के दिलों को भी जोड़ा है. पढ़-लिखकर देश के सबसे बड़े और कठिन यूपीएससी-सिविल सर्विसेज परीक्षा (UPSC Exam) में सफल होने के बाद सिविल सेवा में जाने से पहले अफसर मसूरी में ही ट्रेनिंग पाते हैं. इसी दौरान कई बार दिलों की भी जोड़ियां बन जाती हैं. ताजा लव स्टोरी कभी यूपीएससी टॉपर रही टीना की सगी बहन आईएएस रिया डाबी और आईपीएस मनीष कुमार की है.
मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान प्यार हो जाने की यूं तो कई कहानियां हैं, लेकिन हम यहां राजस्थान से जुड़े कुछ उन आईएएस और आईपीएस अफसरों के बारे में जानेंगे, जो इन वादियों में दिल दे बैठे और करियर के साथ-साथ जीवनसाथी भी मिल गया.
रिया डाबी का मसूरी में मनीष पर आया दिल
मसूरी की वादियों से राजस्थान तक पहुंची ताजा लव स्टोरी आईएएस रिया डाबी की है. वर्ष 2015 बैच की टॉपर व चर्चित आईएएस टीना डाबी की सगी बहन रिया डाबी वर्ष 2021 बैच की आईएएस अफसर हैं. उन्होंने करीब दो महीने पहले अपने बैचमेट महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस अफसर मनीष कुमार से शादी की थी. दोनों की मुलाकात मसूरी की वादियों में स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में हुई. पहले दोस्ती हुई और फिर प्यार की कोपलें ने भी यहीं जन्म लिया और अब उनका प्यार शादी की मंजिल तक आ पहुंचा है.
तीन सरकारों ने दिया कपल को शादी का तोहफा
केन्द्र सरकार, राजस्थान सरकार और महाराष्ट्र सरकार ने दोनों को शादी के ठीक दो महीने बाद का तोहफा दिया है. इन सरकारों ने मनीष और रिया के आवेदन पर अपनी सहमति देते हुए मनीष को राजस्थान कैडर आबंटित कर दिया है. आईपीएस मनीष कुमार की राजस्थान में नियुक्ति के आदेश केन्द्र सरकार ने जारी कर दिए हैं. संभवत: आईपीएस मनीष इस महीने के अंत तक राजस्थान में ज्वानिंग देंगे. इसके बाद रिया और मनीष दोनों राजस्थान में एक साथ रह सकेंगे.
जसमीत के लिए राजस्थान आई यूपी की अर्तिका
मसूरी के पहाड़ों से शुरू होकर राजस्थान के रेगिस्तान तक पहुंची यह प्यार की इकलौती कहानी नहीं है. नए-नए बने जिला मुख्यालय दूदू और फलौदी की विशेषाधिकारी (ओएसडी) आईएएस अफसर अर्तिका शुक्ला और जसमीत सिंह की कहानी भी ऐसे ही मसूरी से शुरू हुई थी. दोनों वर्ष 2015 बैच के आईएएस अफसर हैं. जसमीत पंजाब और अर्तिका मूलत: यूपी की रहने वाली है. लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दोनों ने विवाह कर लिया. जसमीत को राजस्थान कैडर अलॉट हुआ और अर्तिका को केन्द्र शासित प्रदेश कैडर मिला. अंतत: केन्द्र सरकार और राजस्थान सरकार ने दोनों की अर्जी पर अपनी मुहर लगाई और अर्तिका को जसमीत के कारण राजस्थान कैडर अलॉट कर दिया. अब दोनों राजस्थान में ही कार्यरत हैं.
तेजतर्रार तेजस्वी राणा का दिल अभिषेक पर आया
अपने नाम के अनुरूप ही तेजतर्रार आईएएस अफसर तेजस्वी राणा और आईपीएस अफसर अभिषेक सिंह की फ्रेंडशिप भी मसूरी की वादियों में ही प्यार की पटरी पर सरपट दौड़ी. मसूरी में प्रशिक्षण के बाद 2016 बैच की तेजस्वी को राजस्थान और अभिषेक को पश्चिम बंगाल कैडर मिला. तेजस्वी ने जल्द ही राजस्थान में दबंग अधिकारी की इमेज बना ली. वर्ष 2018 में अजमेर में विधायक सुरेश रावत के काफिले को आचार संहिता के दौरान रैली निकालने से रोक दिया. फिर 2020 में चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस सरकार के विधायक राजेन्द्र विधुड़ी की गाड़ी को पकड़ लिया. ड्राइवर के पास लाइसेंस नहीं होने पर उन्होंने जुर्माना ठोंक दिया था. हालांकि उनका तुरंत तबादला भी कर दिया गया था. बाद में तेजस्वी ने अपने पति के कैडर पश्चिमी बंगाल में जाने की अर्जी दे दी. अब मसूरी के पहाड़ों से राजस्थान होते हुए लव-एक्सप्रेस पश्चिमी बंगाल की सोनार भूमि पर दौड़ रही है.
मसूरी में 2016 में छह जोड़े शादी के बंधन में बंधे
मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में 2016 में आईएएस अधिकारियों का बैच 156 का था. बताते हैं कि यह एक रेकॉर्ड था. इसी बैच का एक और प्यारा-सा रेकॉर्ड बना और वह था इस बैच में सबसे ज्यादा कपल का शादी करना. मसूरी के खूबसूरत पहाड़ दिलों को करीब ले आए और 2016 बैच के छह जोड़े शादी के बंधन में बंधे. इन्हीं छह जोड़ों में से एक थे टीना डाबी और अतहर आमिर खान। हालांकि टीना और अतहर पहली बार 11 मई 2015 को नॉर्थ ब्लॉक स्थित डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल ऐंड ट्रेनिंग के दफ्तर में मिले थे. लेकिन तब सिर्फ पहचान ही हुई. दोस्ती और फिर प्यार मसूरी की वादियों में परवान हुआ.
टॉपर टीना और अतहर की शादी ज्यादा नहीं चली
हालांकि टीना और अतहर का प्यार का सफर ज्यादा लंबा नहीं चला. साल 2016 में टीना डाबी ने यूपीएससी टॉप किया था. इसी साल अतहर दूसरे नंबर पर थे. टीना डाबी और अतहर की लव स्टोरी मसूरी में प्रशिक्षण के दौरान परवान चढ़ी. धर्मों के दीवार को तोड़ते हुए दोनों ने अपने प्यार को शादी की मंजिल तक 2018 में पहुंचाया. लेकिन यह शादी ज्यादा नहीं चली और 2020 में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद टीना ने 2022 में राजस्थान कैडर के आईएएस अफसर प्रदीप गवाड़े से दूसरी शादी की. टीना अब जैसलमेर कलेक्टर हैं और प्रदीप बीकानेर में उप निवेशन आयुक्त के पद पर हैं. उधर आमिर ने भी दूसरी शादी कर ली.
.
Tags: Jaipur news, Rajasthan news, UPSC Exams
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 06:45 IST






