
गुरुग्राम. दिल्ली से जयपुर के बीच चलने वाले ई-वाहन चालक परेशान ना हों. उनकी सुविधा के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है. साल 2023 के अंत तक इस रूट पर 10 बड़े ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे. प्रोजेक्ट डारेक्टर अभिजीत सिन्हा का कहना है कि अभी सबसे बड़ी समस्या ये ही थी कि बड़े स्टेशन पर पॉवर सप्लाई की व्यवस्था कैसे की जाए.
अब NHAI इन स्टेशनों के आस पास दिल्ली से जयपुर के बीच हाइवे किनारे सरकारी और गैर सरकारी भवनों की छत पर सोलर पैनल लगाएगी, ताकि इन स्टेशनों पर पावर सप्लाई बाधित ना हो. NHAI के अधिकारी अभिजीत सिन्हा को उम्मीद है कि सोलर पावर चार्जिंग स्टेशन बनने से बिजली का खर्च बचेगा और वाहनों को कम खर्च में चार्ज किया जा सकेगा.
गुरुग्राम दिल्ली से जयपुर के बीच ई-वाहनों की बढ़ती संख्या के बाद नेशनल हाइवे फॉर इलेक्ट्रिक वीकल (NHEV) की तरफ से चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है. नेशनल हाइवे फॉर इलेक्ट्रिक वीकल के अधिकारियों ने सोलर पावर स्टेशन इंस्टॉल करने का फैसला लिया है. इसके लिए मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूबल एनर्जी और नेशनल सोलर एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ मिलकर प्लानिंग तैयार की है.
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ज्यादा बिजली की जरूरत पड़ती है और चार्जिंग स्टेशन पर कम जगह की वजह से दिक्कत भी आती है, इसलिए अब सोलर का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा करने का प्लान है. ऐसे में चार्जिंग स्टेशन पर जगह की कमी को देखते हुए आसपास की बड़ी सरकारी और गैर सरकारी बिल्डिंगों के रूफटॉप पर सोलर प्लेट लगाई जाएंगी.
पहले चरण में सोलर चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए ऐसी जगहों का चयन किया जा रहा है, जहां सोलर प्लेट इंस्टॉल के लिए पर्याप्त स्पेस हो. अगले चरण में बड़ा सोलर पावर स्टेशन स्थापित किया जाएगा. दिल्ली के इंडिया गेट से जयपुर के अलबर्ट पिंटो हॉल तक बनाए गए ई हाईवे पर फिलहाल ऐसे 10 चार्जिंग स्टेशन इस साल के अंत तक बना दिए जाएंगे. इन 10 स्टेशनों में से दो स्टेशन बन भी चुके है. जो एक गुरुग्राम में कारों के लिए उपलब्ध है, जबकि दूसरा राजस्थान के नीमराणा में है, जहां बसों के लिए चार्जिंग सुविधा है. अधिकारियों का दावा है कि साल के अंत तक सभी 10 स्टेशन तैयार हो जाएंगे.
बर्लिन में था ई-हाईवे, अब भारत में
बता दें कि दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर के बीच 278 किमी का विश्व का सबसे बड़ा ई हाइवे है. अब तक सबसे लंबा इलेक्ट्रिक हाईवे बर्लिन में 109 किमी का था. लेकिन अब यह भारत में होगा. गुड़गांव से दिल्ली और जयपुर के बीच करीब 10 हजार ई-वी वाहन दौड़ रहे रहे हैं.
.
Tags: Electric Vehicles, Highway toll, Jaipur live news, NHAI, Nitin gadkari
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 10:01 IST






