
हाइलाइट्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी.
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबे जीवन की कामना की. पीएम मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई. लोगों के कल्याण के लिए ज्ञान, गरिमा और प्रतिबद्धता की वह एक प्रकाशस्तंभ हैं. राष्ट्र की प्रगति को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की जाती है. उनका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है. उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं.’ बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून, 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था.
उन्होंने पिछले साल 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी. इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल रहीं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी. अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, ‘राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. राष्ट्र सेवा व समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति आपका समर्पण प्रेरणीय है. प्रशासनिक व जनसेवा के क्षेत्र में आपके अनुभव का लाभ देश को मिल रहा है. आपके स्वास्थ्यपूर्ण सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं.’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘नारी सशक्तिकरण की सशक्त हस्ताक्षर, मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके आरोग्यपूर्ण एवं सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना है.’
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने ट्वीट कर कहा, मैं माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के जन्मदिन पर उन्हें अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. विनम्र मूल से उनका उत्थान और वंचितों के कल्याण के लिए काम करने की उनकी निरंतर प्रतिबद्धता सबसे प्रेरक है. उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना.’ इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, ‘नारी सशक्तिकरण की प्रतीक महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी आपको जन्मदिन की आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ जी का आशीर्वाद आप पर सदैव बना रहे, आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों, यही मंगलकामना करता हूं’
.
Tags: Draupadi murmu, PM Modi
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 09:32 IST






