मुंबईः अनुराग कश्यप की गैंग्स ऑफ वासेपुर किसे याद नहीं होगी. फिल्म के किरदार आज भी दर्शकों के बीच फेमस हैं. फिर चाहे वो नवाजुद्दीन सिद्दीकी का निभाया फैजल का किरदार हो या मनोज बाजपेयी का सरदार खान का किरदार. यहां तक की तिग्मांशु धुलिया का रामाधार सिंह और जीशान कादरी का निभाया डेफिनेट का किरदार भी दर्शकों के दिलों में बसा है. इसी फिल्म से 2012 में, लंबे समय तक एक सफल मॉडल रहने के बाद, अनुरिता झा (Anuritta Jha) ने भी फिल्मी दुनिया में कदम रखा था. अनुरिता फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप की गैंग्स ऑफ वासेपुर की दोनों सीरीज में शमा परवीन के किरदार में दिखाई दी थीं.
अनुरिता को शमा परवीन के किरदार के लिए खूब तारीफें मिलीं और फिल्म को मिल रही समीक्षाओं को लेकर वह सातवें आसमान पर थीं. गैंग्स ऑफ वासेपुर की सफलता से खुश बिहार में जन्मी अभिनेत्री ने सोचा कि अब काम खुद ब खुद चलकर उनके पास आएगा. लेकिन, उनकी सोच के विपरीत, किसी ने उन्हें कोई रोल ऑफर नहीं किया. जिस पर अब अभिनेत्री ने निराशा जाहिर की है. गैंग्स ऑफ वासेपुर के बाद गायब सी हो गईं अनुरिता की फिर वापसी हुई है और लगातार का कर रही हैं.
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में अनुरिता झा ने कहा- ‘मैंने जब इंडस्ट्री में एंट्री की थी, बच्ची थी. मुझे नहीं पता था क्या करना है और क्या नहीं. मैं इंडस्ट्री में तब नई थी. अब मेरी अपनी पहचान है, लेकिन ये बहुत ही कठिन था. मैंने अच्छे दिन देखे हैं और बुरे दिन भी देखे हैं.’ गैंग्स ऑफ वासेपुर के बाद अनुरिता ने अपने करियर और जिंदगी का सबसे बुरा दौर देखा. एक्ट्रेस का कहना है कि जब वह मुंबई आई थीं, तो उन्हें कुछ नहीं पता था.
अनुरिता झा ने अपने करियर के बारे में बात करते हुए कहा- ‘मुझे नहीं पता था कि फिल्म रिलीज के पीआर करना होता है. इवेंट्स में जाना पड़ता है. डायरेक्टर्स से मिलना पड़ता है. मुझे लगा कि सब मेरा काम देखने के बाद खुद मुझसे मिलेंगे. मुझे फोन करेंगे. मुजे ये समझने में बहुत समय लग गया कि आपको अपने घर से निकलना पड़ता है. लोगों को फोन करना होता है, उनसे काम के लिए बोलना पड़ता है. मैं आज कल इंडस्ट्री में आने वाली लड़कियों को देखती हूं, उन्हें क्लैरिटी है. वह जानती हैं उन्हें क्या करना है. वासेपुर के बाद मैंने नीरज काबी के साथ वर्कशॉप की. मुझे अहसास हुआ कि मैं यही करना चाहती हूं. इस बात की क्लैरिटी मुझे 2018 में आई कि मैं एक्टर बनना चाहती हूं.’
अनुरिता कहती हैं- ‘मेरी पर्सनल लाइफ में उथल-पुथल मची हुई थी, मेरी मां की डेथ हो गई थी और मैं एक रिलेशनशिप में भी थी और मेरी पूरी एनर्जी उसी तरफ जाने लगी थी. उसके बाद बीमार रहने लगी. क्योंकि, मैं ज्यादा विजिबल नहीं थी, लोग कभी-कभी जजमेंटल हो जाते हैं. लोगों को लगा कि मैं शादी करके सेटल हो गई हूं. लेकिन, मुझे इस बात का अहसास हुआ और मैंने प्रकाश झा जी से आश्रम के लिए बात की. मैंने इसके लिए ऑडिशन नहीं दिया था, उन्होंने मेरा काम देखा और बोले कि काम चल जाएगा. गैंग्स ऑफ वासेपुर के बाद मैंने अपने करियर और जिंदगी का सबसे बुरा दौर देखा.’
अनुरिता असुर 2 में भी अहम किरदार में दिखाई दे रही हैं. (फोटो साभारः इंस्टाग्रामः @anurittakjha)
अनुरिता ने गैंग्स ऑफ वासेपुर से अपने करियर की शुरुआत की थी इसके बाद वह और 2016 में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मैथिली फिल्म मिथिला मखान और जुगनी दोनों में अभिनय किया. पिछले कुछ सालों में अनुरिता ने अपने करियर की शुरुआत की तुलना में काफी काम किया है. वह प्रकाश झा की ‘आश्रम’, डिज्नी प्लस हॉटस्टार की सीरीज परिवार और आर माधवन की डायरेक्टोरियल ‘रॉकेट्रीः द नांबि इफेक्ट’ में भी नजर आईं. इसके अलावा अनुरिता इम्तियाज अली की थाई मसाज में भी अहम किरदार में दिखाई दीं. इन दिनों अभिनेत्री ‘असुर 2’ में नजर आ रही हैं.
.
Tags: Bollywood, Bollywood actress, Entertainment
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 10:15 IST






