
सुनील रजक/शिवपुरी : मध्यप्रदेश का एक ऐसा विकासखंड,जहां 250 गांवों के लिए सिर्फ एक पशु चिकित्सक काम कर रहा है. यह हाल है उस ब्लॉक का जो राज्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में आता है. पावर भी है, लेकिन इच्छाशक्ति की कमी है. जिसके कारण हजारों ग्रामीण अपने पशुओं का इलाज करवाने के लिए तरस रहे हैं.
राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा के विधान सभा क्षेत्र के विकासखंड पोहरी के अंतर्गत छोटे बड़े गांव मिलाकर ढाई सौ के करीब गांव हैं. यहां चार चिकित्सालय है परंतु पशु चिकित्सक सिर्फ एक है.क्षेत्र में पशु चिकित्सा सुविधाओं के नाम पर अस्पतालों में दवाइयां भी न के बराबर रहती हैं. हजारों पशुपालक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं.
एक चिकित्सक के भरोसे पोहरी विकासखंड के पूरे पशु चिकित्सालय एवं औषधालय हैं, जिसके कारण ग्रामीणों अपने मवेशियों को समय पर उपचार नही दिला पाते हैं. पोहरी विकासखंड में पशु चिकित्सालय पोहरी, पशु चिकित्सालय बैराड़, पशु चिकित्सालय छर्च एवं पशु चिकित्सालय ककरौआ सहित चार पशु चिकित्सालय संचालित हैं. विभाग द्वारा पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी (AVFO)एवं पशु चिकित्सा सहायक शल्य (VAS) सहित कुल 5 पद स्वीकृत हैं.
बारिश के मौसम में पशुओं में बीमारी ज्यादा फैलती है और बदलते मौसम के कारण अभी से ही पशुओं में बीमारियांफैलना शुरू हो गई हैं. पशु चिकित्सालय बैराड़ एवं पशु चिकित्सालय ककरौआ में चार एव्हीएफओ के पद स्वीकृत होने के बाद भी मात्र एक एव्हीएफओ तैनात है. जिस कारण पूरे विकासखंड की पशु चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है. पशुपालक अपने पशुओं के इलाज के लिए परेशान होते रहते हैं पशुपालकों की समस्याओं की ओर किसी भी जनप्रतिनिधि नेता और समाजसेवी एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान नहीं है.
.
Tags: Local18, Madhya pradesh news, OMG News, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 11:04 IST









