Saharanpur News: चारागाह की जमीन होगी अतिक्रमण मुक्त, गौशाला के लिए उगाई जाएगी ये खास घास

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


निखिल त्यागी/सहारनपुर. उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार गाय संरक्षण को लेकर बेहद गंभीर है. इसी आशय से अधिकारी भी सरकार के निर्देशों का पालन कर रहे हैं. सहारनपुर के जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य विकास अधिकारी ने गौशाला के लिए चिन्हित चारागाह की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए. इस भूमि पर नेपियर घास उगाई जाने की योजना बनाई गई है. इसके अलावा सीडीओ ने संरक्षित पशुओं की चिकित्सा एवं सुरक्षा के लिए भी सम्बन्धित को निर्देशित किया.

सहारनपुर जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में जनपद में संचालित अस्थायी गौवंश आश्रय स्थलों की स्थापना, क्रियान्वयन संचालन व प्रबन्धन के अनुश्रवणार्थ हेतु गठित जिला स्तरीय समितियो को गंभीर होकर काम करने के निर्देश दिए गए. इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने ब्लाकों में निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए. गोआश्रय स्थलों में पशुओं के लिए हरा चारा, पानी, शेड, बिजली एवं भूसे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया.

चारागाह की भूमि पर नेपियर घास उगाने की योजना
सीडीओ विनय कुमार ने जनपद में बनने वाले वृहद गौ संरक्षण केन्द्र के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि जनपद में कहीं पर भी चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जा न होने पाए. उन्होंने कहा कि उक्त चारागाह की भूमि पर नैपियर घास की बुआई के लिए प्रोत्साहित किया जाए. जनपद की प्रत्येक गौशाला की चरागाह की जमीन पर नेपियर घास उगायी जाने की दिशा में काम किया जाए. उन्होंने कहा कि नैपियर घास का उत्पादन पूरे वर्ष किया जा सकता है. ये एक पौष्टिक चारा है, जो कि न केवल खाद्यान्न आवश्यकता को पूर्ण करेगा बल्कि गोवंशों को स्वस्थ रखने में मदद करेगा.

संरक्षित पशुओं की चिकित्सा में न हो लापरवाही
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि संरक्षित पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. शासन द्वारा आंवटित लक्ष्य के अनुरूप गौशाला में गोवंश के लिए भूसा एकत्र करना सुनिश्चित किया जाए. इसके साथ ही बरसात से पूर्व भूसे व घास के संरक्षण के उचित इंतजाम किये जाए. विजय कुमार ने कहा कि जिन स्थानों पर हरा चारा नहीं उगाया जाएगा, वहांं पर सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी. गोवंशों के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Tags: Gaushala, Local18, Saharanpur news, UP news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें