
अभिषेक माथुर/हापुड़. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अभ्युदय योजना का लाभ अब हापुड़ के छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा. उन्हें अब आईएएस और पीसीएस की तैयारी करने के लिए राजधानी दिल्ली की ओर रूख नहीं करना पड़ेगा. हापुड़ के एसएसवी पीजी कॉलेज में अभ्युदय योजना का सेंटर खुल रहा है. आईएएस और पीसीएस बनने का सपना देखने वाले छात्र-छात्राओं को यहां जल्द ही कोचिंग मिलनी शुरू हो जाएगी.
हापुड़ के समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार सिंह ने बताया कि हापुड़ में एसएसवी पीजी कॉलेज में अभ्युदय कोचिंग सेंटर की शुरुआत हो रही है. यहां यूपीएससी, यूपीपीसीएस, नीट, जेईई आदि परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. पहला बैच 1 जुलाई से शुरू हो जाएगा. छात्र-छात्राओं को इंटरव्यू के आधार पर चयनित किया जाएगा.
अभ्युदय योजना में छात्रों को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग
एसएसवी पीजी कॉलेज में प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि हापुड़ जिले के उन छात्र-छात्राओं के लिए बहुत ही गर्व का विषय है, जो आईएएस और पीसीएस बनने का सपना देखते हैं. आईएएस और पीसीएस सहित अन्य कोचिंग के लिए अब उन्हें दिल्ली व यूपी के अन्य जनपदों में नहीं पड़ेगा. हापुड़ में ही उन्हें अभ्युदय योजना के अंतर्गत बेहतर कोचिंग मिलेगी. सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग सरकार की ओर से मिल रही है.
छात्रों के लिए बेहतर साबित हो रही यह योजना
सीएम योगी की गरीब बच्चों को आईएएस, पीसीएस बनाने की फ्री वाली योजना उत्तर प्रदेश के छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर साबित हो रही है. हाल ही में आये यूपीएससी के रिजल्ट में इन कोचिंग सेंटर के 13 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की. यूपीपीसीएस के परिणामों में भी अभ्युदय कोचिंग सेंटरों में पढ़ने वाले कई छात्र-छात्राओं को सफलता मिली थी.
अभ्युदय कोचिंग में दाखिले के लिए ये हैं नियम
अभ्युदय कोचिंग सेंटर में दाखिले के लिए अभ्यर्थी को उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए. साथ ही अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर या गरीबी रेखा के नीचे होना चाहिए, आवेदन करते समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, बर्थ सर्टीफिकेट, आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी आदि देना होगा.
.
Tags: Hapur News, IAS, Uttar pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 09:34 IST









