
हाइलाइट्स
मुंबई के मीरा रोड मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा.
आरोपी मनोज साने ने एक वेब सीरीज देखकर सरस्वती की हत्या का प्लान बनाया.
आरोपी मनोज साने ने सरस्वती की हत्या करने के बाद लाश की एक फोटो भी ली.
मुंबई. मुंबई के मीरा रोड मर्डर केस में पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. पुलिस को आरोपी के मोबाइल से कई अहम सुराग मिले हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी मनोज साने ने OTT पर एक वेब सीरीज देखकर अपनी लिव-इन पार्टनर सरस्वती की हत्या करने का प्लान बनाया था. सूत्रों के मुताबिक आरोपी श्रद्धा मर्डर केस से प्रभावित तो था ही, लेकिन सरस्वती को मारने से पहले उसने बाकायदा एक वेब सीरीज देखी थी और उसके आधार पर उसने हत्या करने का ये प्लान बनाया. इतना ही नहीं, हत्या के बाद बॉडी को डिकम्पोज कैसे करते हैं, इसको लेकर भी गूगल पर कई बार सर्च किया था.
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक आरोपी की सर्च हिस्ट्री को पुलिस ने जब खंगाला, तो उनके हाथ ये अहम जानकारी लगी. आरोपी मनोज साने ने सरस्वती की हत्या करने के बाद उसकी लाश की एक फोटो भी खींची थी. पुलिस को यह फोटो आरोपी के मोबाइल में मिला है. इस फोटो में पुलिस को सरस्वती के बॉडी पर कई जगह मारपीट के निशान मिले हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक 4 जून को सरस्वती के शव का फोटो खींचने के बाद 5 जून को आरोपी ने कटर मशीन से उसके अलग-अलग टुकड़े कर दिए थे. उसने उनको तीन बाल्टियों में रख दिया था.
‘देरी से घर आने पर शक करती थी सरस्वती, यही बनी मौत का कारण’ मीरा रोड मर्डर में पुलिस का बड़ा खुलासा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने सरस्वती की यादों को संजोने के लिए लाश की फोटो खींची थी. उसे जब भी उसकी याद आती थी, वह फोटो देख लेता था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक सरस्वती की बहनों ने मनोज से अलग होने और शादी न करने के लिए उसे एक बार समझाया भी था, लेकिन वह नहीं मानी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक सरस्वती की बॉडी का 10 फीसदी हिस्सा मिसिंग है. हालांकि वह कौन-कौन से हिस्से हैं, वह फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा.
.
Tags: Crime News, Girlfriend Murder, Mumbai murder, Mumbai police
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 08:47 IST









