
नई दिल्ली. एमएस धोनी एक और आईपीएल खिताब के नजदीक पहुंच गए हैं. आईपीएल 2023 के फाइनल में आज चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत गुजरात टाइटंस से होने जा रही है. 41 साल के धोनी ने बतौर कप्तान अब तक 4 आईपीएल के टाइटल जीते हैं. दूसरी ओर टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या की नजर लगातार दूसरे खिताब पर है. धोनी के लिए 28 मई का दिन खास मायने रखता है. टीम ने आज ही के दिन 12 साल पहले फाइनल में विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मात दी थी. इसी के साथ टीम 2011 में लगातार 2 आईपीएल फाइनल जीतने वाली पहली टीम बनी थी.
एमएस धोनी के पास एक बार फिर 28 मई को आईपीएल खिताब जीतने का मौका है. दूसरी ओर हार्दिक पंड्या की टीम लगातार दूसरे सीजन के फाइनल में जगह बनाने में सफल रही है. ऐसे में टीम अपने जीत का रिकॉर्ड बनाए रखना चाहेगी. 2012 में चेन्नई में खेले गए फाइनल की बात करें, ताे सीएसके ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 205 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नंबर-3 पर उतरे थे. उन्होंने 13 गेंद पर 2 छक्के की मदद से 22 रन बनाए थे.
मुरली विजय ने खेली थी यादगार पारी
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से ओपनर बल्लेबाज मुरली विजय ने यादगार पारी खेली थी. उन्होंने 52 गेंद पर 183 के स्ट्राइक रेटसे 95 रन बनाए थे. 4 चौका और 6 छक्का जड़ा. विजय ने पहले विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज माइकल हसी के साथ 159 रन की बड़ी साझेदारी की थी. हसी ने 45 गेंद पर 63 रन बनाए थे. 3 चौका और 3 छक्का लगाया था. आरसीबी की ओर से श्रीनाथ अरविंद और क्रिस गेल ने 2-2 विकेट झटके थे.
जवाब में आरसीबी की टीम 8 विकेट पर 147 रन ही बना सकी थी और सीएसके को 58 रन से बड़ी जीत मिली थी. विराट कोहली ने 32 गेंद पर 35 रन बनाए. उन्हें सुरेश रैना ने आउट किया. सौरभ तिवारी 42 रन बनाकर नाबाद रहे थे. चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने 3 तो शादाब जकाती ने 2 विकेट झटका था. आरसीबी की टीम आज इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब नहीं जीत सकी है.
.
Tags: Chennai super kings, IPL 2023, Ms dhoni, On This Day
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 11:45 IST









