
नई दिल्ली. आईपीएल का हर सीजन अपने साथ सिर्फ एक नया चैंपियन नहीं लाता, बल्कि वह दुनिया की तमाम टीमों को कुछ खिलाड़ी भी देता है जो अगले कुछ बरस क्रिकेट जगत पर राज करते हैं. इन्हें हम फाइंडिंग ऑफ द आईपीएल या आईपीएल की खोज भी कह सकते हैं. साल 2023 में कई ऐसे युवा खिलाड़ी रहे, जिन्होंने आईपीएल में चमक बिखेरी और घर-घर तक अपनी पहचान बनाई. इनमें प्रमुख नाम हैं- यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, नेहल वडेरा, आकाश मधवाल…
इत्तेफाक से इनमें से किसी भी खिलाड़ी की टीम ने फाइनल में जगह नहीं बनाई. यानी इन खिलाड़ियों की टीमों को आईपीएल चैंपियन का रुतबा हासिल नहीं हुआ. इसके बावजूद अगर मुझे आईपीएल 2023 की खोज चुनना हो तो मैं यह रुतबा रिंकू सिंह को दूंगा. क्योंकि आप चाहे दिमाग पर कितना भी जोर डाल लें आपको रिंकू सिंह के अलावा ऐसा कोई नाम याद नहीं आएगा, जिसने आखिरी ओवर में लगातार 5 छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई हो. लेकिन यकीन मानिए सिर्फ इस वजह से रिंकू सिंह को फाइंडिंग ऑफ द आईपीएल नहीं कहा जा रहा. रिंकू आईपीएल 2023 की खोज क्यों हैं, इस बात को न्यूज18 हिंदी से बातचीत में पूर्व कोच लालचंद राजपूत ने अच्छी तरह समझाया.
लालचंद राजपूत कहते हैं, मौजूद भारतीय टीम में अगर कोई एक जगह खाली दिखती है तो वह मध्यक्रम में फिनिशर की है. एक ऐसा बल्लेबाज जो मैच फिनिश कर सके. यह खूबी पूरे सीजन रिंकू सिंह ने दिखाई. 25 साल के रिंकू सिंह कभी भी हार नहीं मानते. वह मैच को आखिर तक ले जाते हैं. रिंकू हमको यकीन दिलाते हैं कि अगर अकेले भी मैच जिताना हो तो वे जिता लेंगे. हारकर मैदान से बाहर नहीं निकलेंगे. यह तो बात हुई जिगरे की. हौसले की. प्लेइंग स्टाइल पर लालचंद राजपूत कहते हैं रिंकू सिंह कभी भी आड़ा शॉट नहीं लगाते और यह खूबी उन पर भरोसा करने के लिए इंस्पायर करती है.
कोई बड़ी बात नहीं कि प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी टीम के उसी युवा बल्लेबाज को पार्थिव पटेल आईपीएल 2023 का बेस्ट फिनिशर करार देते हैं. वीरेंद्र सहवाग भी आईपीएल के टॉप युवा बल्लेबाजों की लिस्ट में रिंकू सिंह का नाम सबसे पहले रखते हैं.
यहां यह बताना उचित होगा रिंकू सिंह अपनी टीम कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. आईपीएल 2023 के ऑरेंज कैप की लिस्ट में उनका नाम नौवें नंबर पर रहा. लेकिन यहां यह बात ध्यान देने की है कि ऑरेंज कैप की इस लिस्ट में सिर्फ 2 खिलाड़ी ही ऐसे हैं जो मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हैं और टॉप टेन में भी शामिल है. पहला नाम सूर्य कुमार यादव का है जिन्होंने लीग में 600 से ज्यादा रन बनाए. रिंकू सिंह ने 14 मैच में 59.25 की औसत से 474 रन बनाए. और एक बात जो शायद ही कोई क्रिकेट प्रेमी जल्दी भुला पाए. वह यह कि रिंकू सिंह अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के मारकर मैच जिताया. वह ऐसा करने वाले दुनिया के शायद पहले खिलाड़ी हैं. दबाव के चरम पर भी धैर्य के साथ डटे रहना, मुश्किलों में भी हार ना मानना, आखिर तक मैच न छोड़ना… उन्हें इस आईपीएल का खोज साबित करती है.
.
Tags: IPL, IPL 2023, Lalchand Rajput, Yashasvi Jaiswal
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 11:10 IST









