
पीयूष पाठक/अलवर. पर्यटन सीजन में राजस्थान के अलवर जिला स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व घूमने आने वाले पर्यटकों को इस बार बाघों की अच्छी साइटिंग की वजह से चर्चा में है. रविवार को सरिस्का के बफर जोन में बाघ ने गाय का शिकार किया और फिर उसे खाते हुए दिखाई दिया. बाघ के गाय को मार कर उसे खाने का वीडियो वायरल हो रहा है. जिस जगह बाघ को गाय को खाते हुए देखा गया उस क्षेत्र में पिछले लगभग तीन महीने से बाघ-बाघिन व दो शावकों की साइटिंग हुई है.
बाघ के शिकार करने का यह वायरल वीडियो प्रतापबंध चौकी के पास का बताया जा रहा है. यहां से गुजरने वाले राहगीरों ने इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया था.
सरिस्का के बफर रेंज के रेंजर शंकर सिंह ने बताया कि बाघ ने गाय का शिकार बीते शुक्रवार को किया था. मुमकिन है कि इसके बाद बाघ अपने शिकार को शनिवार को खाने आया था. उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारी हमेशा तैनात रहते हैं. बाघों के आबादी के आस-पास आने के दौरान वन कर्मियों के द्वारा पूरी सावधानी बरती जाती है. अगर जरूरत पड़ती है तो यहां से निकलने वाले सड़क मार्ग को बंद किया जाता है.
वायरल वीडियो में बाघ गाय को खाते हुए नजर आ रहा है जिसे लोगों ने अपनी गाड़ी की लाइट की मदद से कैमरे में कैद किया है. कुछ देर तक बाघ गाय को खाता रहा. इसके बाद वो जंगल की ओर चला गया. वायरल वीडियो की जगह शहर से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर है.
सरिस्का टाइगर रिजर्व में हैं 28 बाघ
बता दें कि, सरिस्का टाइगर रिजर्व में कुल 28 बाघ, बाघिन व शावक हैं. इनमें 14 बाघिन, आठ बाघ और छह शावक शामिल हैं. बाला किला बफर जोन में बाघिन एसटी 18, बाघ एसटी 19 और दो शावक हैं. सरिस्का का बफर जोन शहरी क्षेत्र से लगा हुआ है. यह वायरल वीडियो बफर क्षेत्र का ही बताया जा रहा है. बफर क्षेत्र मे बाला किला और उसके आसपास के क्षेत्र आते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 09:55 IST









