
हाइलाइट्स
ब्लूचिप फंड में से कभी भी पैसा निकाला जा सकता है.
इन स्कीम्स में कम से कम 3 से 5 साल के लिए निवेश करना सही रहता है.
ब्लूचिप म्यूचुअल फंड्स ने निवेशकों को बैंक एफडी से ज्यादा मुनाफा दिया है.
नई दिल्ली. म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है. जिन लोगों को शेयर बाजार की कम जानकारी है और स्टॉक मार्केट से पैसा बनाना चाहते हैं, वे म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकते हैं. म्यूचुअल फंड की कई कैटेगरी हैं. इन्हें में से एक श्रेणी है ब्लूचिप फंड कैटेगिरी (Bluechip Mutual Fund). यहां आपको कम रिस्क के साथ फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed Deposit) से ज्यादा रिटर्न मिल सकता है. पिछले एक साल में कुछ ब्लूचिप फंड्स ने तो 18 फीसदी तक रिटर्न दिया है.
असल में ये लार्ज-कैप म्यूचुअल फंड ही हैं. बस कुछ लार्ज-कैप म्यूचुअल फंड ने अपने नाम के साथ ब्लूचिप भी जोड़ लिया है. ब्लूचिप म्यूचुअल फंड स्कीमों के लिए निवेशकों से जुटाई गई राशि का कम से कम 80 फीसदी टॉप 100 कंपनियों में निवेश करना अनिवार्य होता. ऐसा माना जाता है बड़ी कंपनियों के शेयरों में कम उतार-चढ़ाव होता है. इनमें लॉन्ग टर्म में पैसा लगाने पर नुकसान की संभवना बहुत कम ही रहती है.
नहीं होता लॉक-इन पीरियड
ब्लूचिप फंड में कोई लॉक-इन पीरियड नहीं होता है. इसका मतलब है कि आप जरूरत पड़ने पर अपना पैसा निकाल सकते हैं. लेकिन थोड़े समय में ही पैसे वापस निकालने से नुकसान की संभावना बढ़ जाती है. बाजार जानकार ब्लूचिप फंड्स में उन निवेशकों को पैसा लगाने की सलाह देने हैं जो कम जोखिम के साथ शेयर बाजार में पैसा लगाना चाहते हैं. उनका कहना है कि इन स्कीम्स में कम से कम 3 से 5 साल के लिए निवेश करना सही रहता है. साथ ही एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय सिस्टमेंटिक इनवेस्टमेंट प्लान यानी सिप (SIP) द्वारा निवेश करना चाहिए. इससे रिस्क और कम हो जाता है क्योंकि इससे बाजार के उतार-चढ़ाव का और कम हो जाता है.
इन 5 फंड्स ने दिया एफडी से ज्यादा रिटर्न
पिछले एक साल में कुछ ब्लूचिप म्यूचुअल फंड्स ने निवेशकों को बैंक एफडी से ज्यादा मुनाफा दिया है. फिक्स्ड डिपॉजिट का रिटर्न जहां एक साल में 5 से 7.5 फीसदी रिटर्न दिया है तो दूसरी ओर कुछ ब्लूचिप फंड्स ने तो एक 15 से 18 फीसदी तक रिटर्न निवेशकों को दिया है.
एसबीआई ब्लूचिप फंड ने पिछले एक साल में 18.7 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं तीन साल का एवरेज मुनाफा 28.29 फीसदी रहा है. कोटक ब्लूचिप फंड का सालभर का रिटर्न 15.30 फीसदी रहा है तो तीन साल में इस फंड ने निवेशकों को 27.10 फीसदी रिटर्न दिया है. आईसीआईसीआई प्रुडेंशियल ब्लूचिप फंड का नाम भी शानदार रिटर्न देने वाली स्कीम्स में शामिल हैं. एक साल में इस फंड ने 15.92 फीसदी तो तीन साल में 28.18 फीसदी रिटर्न दिया है.
केनरा रोबेको ब्लूचिप इक्विटी फंड ने भी पिछले एक साल मे 15.37 फीसदी तो तीन साल में 24.84 फीसदी मुनाफा निवेशको को दिया है. बडौदा बीएनपी पारिबा लार्ज कैप फंड ने एक साल में जहां 15.78 फीसदी तो तीन साल में 24.18 फीसदी रिटर्न दिया है.
(Disclaimer: यहां बताए गए म्यूचुअल फंड वित्तीय सलाहकार की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bank FD, FD Rates, Money Making Tips, Mutual fund
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 16:29 IST








