कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी निवासी मानस आर्य पुत्र वेद कुमार ने मकदूमपुर काजी स्थित अपने मकान पर किरायेदार द्वारा कब्जा नहीं छोड़ने और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, आराजी संख्या 302 में उसका मकान बना है, जिसमें जीटी रोड किनारे सरवर अली किराये पर रहकर चारपाई का कारोबार कर रहा है।
मानस आर्य का आरोप है कि जब वह मकान का किराया मांगने और जगह खाली कराने पहुंचा तो किरायेदार ने मकान खाली करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित का दावा है कि उसे अतीक अहमद का नाम लेकर डराया गया और इलाहाबाद से संपर्क होने की बात कहकर धमकी दी गई।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी मकान खाली कराने के प्रयास में उसकी गाड़ी तोड़ दी गई थी और कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की थी। दोबारा मौके पर पहुंचने पर लाठी-डंडे और असलहे दिखाए जाने का आरोप लगाते हुए उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
मानस आर्य के अनुसार, उसने पहले भी कोखराज थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। अब उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और थाना प्रभारी से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी जमीन-मकान पर कब्जा दिलाने की मांग की है।







