
आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण. भारत में लगभग सभी प्रकार के वाहनों को चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता पड़ती ही है. इसके बिना वाहन चलाना दंडनीय अपराध है. जिस प्रकार किसी भी व्यक्ति की पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड इत्यादि अनिवार्य है, ठीक उसी प्रकार वाहन चालकों के लिए भी ड्राइवरी लाइसेंस अनिवार्य है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस लाइसेंस को बनवाने में लोगों के 6-7 हजार रुपए खर्च हो जाते हैं, उसमें 1000 रुपए से भी कम का खर्च है.आज हम आपको ड्राइवरी लाइसेंस बनवाने की पूरी विधि जा रहे हैं, जिसके जरिए आप खुद से हजार रुपए से कम में इसे बनवा सकते हैं.
लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया
पश्चिम चम्पारण जिले के परिवहन पदाधिकारी किशोर कुमार ने बताया कि ड्राइवरी लाइसेंस बनवाने के लिए कोई भी व्यक्ति बिचौलियों का सहारा कतई न ले. आप घर बैठे ऑनलाइन कर लर्निंग तथा मेन दोनों लाइसेंस बनवाने के लिए अप्लाई कर सकते हैं. इसके लिए आपको सबसे पहले pariwahan.gov.in की साइट पर जाकर आवेदन करना होगा.
लर्निंग लाइसेंस के लिए साइट पर जाने के बाद अपने राज्य का चयन कर लर्नर्स लाइसेंस के विकल्प को चुनना होगा. इसके बाद आगे का फॉर्म भरकर सबमिट बटन पर क्लिक कर दें.अगले पेज में कुछ जरूरी दस्तावेज जैसे–आधार कार्ड, ब्लड ग्रुप, एड्रेस प्रूफ, फोटो, सिग्नेचर तथा डेट ऑफ बर्थ से संबंधितसर्टिफिकेटअपलोड कर दस्तावेज पर ई-हस्ताक्षर करना होगा.
परमानेंट/मेन लाइसेंस की प्रक्रिया
डीटीओ किशोर कुमार ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस की वैलिडिटी 6 महीने तक होती है. समय पूरा होता ही आपको परमानेंट लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा. इसके लिए भी आपको pariwahan.gov.in की साइट पर जाकर चालान जमा करना होगा तथा अपने लिए एक स्लॉट बुक करना होगा. स्लॉट से सुनिश्चित होता है कि आपका फिजिकल ड्राइविंग/ राइडिंग टेस्ट कब होना है. टेस्ट में पास होने के बाद आप परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस पाने के योग्य हो जाते हैं.
हजार रुपए से भी कम में बनता है ड्राइविंग लाइसेंस
बकौल जिला परिवहन पदाधिकारी टू व्हीलर हो या फोर व्हीलर, किसी भी वाहन का लाइसेंस बनवाने के लिए उपभोक्ता को वैध रूप से हजार रुपए से भी कम खर्च करने होते हैं. दरअसल, टू व्हीलर का लाइसेंस बनवाने के लिए 440 रुपए का चालान तथा टू व्हीलर के साथ-साथ फोर व्हीलर के लाइसेंस के लिए महज 720 रुपए का चालान ऑनलाइन जमा करना होता है. इसके अतिरिक्त इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी खर्च नहीं लगता है. समझने वाली बात यह है कि जानकारी के अभाव में लोग बिचौलियों का सहारा लेते हैं. इस वजह से उन्हें लर्निंग से लेकर परमानेंट लाइसेंस के लिए कम से कम 5 से 7 हजार रुपए खर्च करना पड़ता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 16:04 IST








