
मो. सरफराज आलम/सहरसा. कोरोना की बंदी ने लाखों लोगों को बेरोजगार कर दिया. बेरोजगारी के इस दौर में कई लोग टूट गए, जबकि कुछ ने अपने हुनर को अपनी ताकत बनाया. इससे आज वे न सिर्फ अच्छी कमाई कर रहे हैं, बल्कि कुछ लोगों को जोड़कर रोजगार भी भी दे रहे हैं.
कुछ ऐसी ही कहानी सहरसा जिले की निशा कुमारी की है. दरअसल, कोरोना काल में निशा के पति की नौकरी छूट गई. इससे घर की स्थिति काफी खराब हो गई थी. लेकिन कठिन परिस्थितियों में टूटने के बजाए उसने इसका मुकाबला किया.
10 लाख का लिया था लोन
सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड के बरहशेर पंचायत के गंडोल की रहने वाली निशा कुमारी के लिए मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना वरदान साबित हुई है. निशा ने इस योजना से 10 लाख रुपए का लोन लिया.
लोन लेने के बाद उन्होंने तेजस बेसन-सत्तू नाम का उद्योग खोला. इस रुपए से उन्होंने रांची, महाराष्ट्र समेत बिहार के अन्य जिलों से छह लाख का मशीन खरीदा. 26 जनवरी को इस उद्योग की शुरुआत की गई. इस उद्योग में वह बेसन, सत्तू, ब्रश, स्क्राइबर बनाती है.अब निशा ने 4 से 5 लोगों को रोजगार भी दे रखा है.
दूसरे राज्यों से भी आने लगी है डिमांड
निशा बताती हैं कि उनके यहां अच्छी क्वालिटी का सत्तू और बेसन तैयार किया जाता है. इसेतैयार करने के बाद जिले के छोटे-मोटे दुकानदारों को सप्लाई करती है. इसके अलावा अब तो दूसरे राज्यों से भी डिमांड होने लगी है. अब वह ट्रांसपोर्ट के जरिए ऐसे जगहों पर सत्तू और बेसन भेजती है. निशा बताती हैं कि अब सारा खर्च काटकर वह प्रति माह 20 से 25 हजार रुपए की बचत कर लेती है.
उनकी उद्योग से तैयार सत्तू की कीमत 110 रुपए प्रति किलो है. जबकि बेसन 100 रुपए किलो की दर पर मार्केट में सप्लाई करती हैं. अगर आप भी तेजस बेसन और सत्तू की खरीदारी या बिक्री करना चाहते हैं, तो उनके मोबाइल नम्बर- 9102832830 पर कॉल कर आर्डर कर सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 14:54 IST








