
हाइलाइट्स
कांग्रेस ने किया प्रत्येक महिला को हर महीने 2000 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा.
कर्नाटक चुनाव में महिला मतदाताओं की भागीदारी अहम रही, कांग्रेस के पक्ष में मुड़ा रुख.
लगातार बढ़ रही महंगाई ने भी महिलाओं को भाजपा से छिटकने को किया मजबूर किया.
बेंगलुरु: कर्नाटक चुनाव में जो परिणाम सामने आए हैं उससे लगता है कि यह 2000 रुपये वाला चुनाव बन गया है. राज्य में हर महिला को 2000 रुपये नगद दिए जाने के कांग्रेस के चुनावी वादे ने लगता है मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के वफादार मतदाताओं का रुख कांग्रेस की ओर मोड़ दिया है. जिसकी वजह से कांग्रेस को इतनी बड़ी जीत हासिल होती दिख रही है.
वैसे तो महिला मतदाताओं की भागीदारी किसी भी चुनाव में अहम होती है, लेकिन अगर कर्नाटक चुनाव की बात की जाए तो यह भागीदारी और अहम हो गई है. वजह यहां की 224 सीटों में से 122 पर महिलाओं ने पुरुष मतदाताओं को पीछे छोड़ दिया. पारंपरिक तौर पर देखें तो चाहे लोकसभा चुनाव हो या राज्य विधनासभा का चुनाव, महिलाओं का भाजपा के पक्ष में मत डालने की कुछ स्वाभाविक वजह रही हैं. जिसमें कानून व्यवस्था का दुरुस्त होना, उज्जवला योजना, शौचालय योजना और कोविड के दौरान मुफ्त राशन इत्यादि.
हालांकि कर्नाटक में, ऐसा लगता है कि महंगाई ने महिलाओं को कांग्रेस के पक्ष में जाने के लिए मजबूर किया. जिसने महंगाई के दौर में प्रत्येक महिला को हर महीने 2000 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया है. कर्नाटक में एक गैस सिलेंडर की कीमत 1100 रुपये तक पहुंच गई है और राज्य में कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने इस मंहगाई को मुद्दा बनाया. उन्होंने बेंगलुरु के पार्टी कार्यालय के प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रतीकात्मक तौर पर एक गैस सिलेंडर रखा था.
भाजपा का सिलेंडर हुआ खाली
भाजपा को इस बात का अहसास था कि गैस सिलेंडर की कीमत परेशानी बन सकती है. इसलिए उन्होंने कर्नाटक में प्रत्येक गरीब परिवार को हर साल 3 सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया था. पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएल संतोष ने ट्विटर पर लिखा था, ‘रूस-युक्रेन युद्ध की वजह से एलपीजी सिलेंडर मंहगा हुआ है. हमने उज्जवला योजना दी है लेकिन दाम की वजह से उज्जवला ने अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं दिए, इसलिए हमने फैसला किया कि कर्नाटक की जनता को इस संकट से उबारने के लिए तीन सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे, लेकिन यह योजना केवल गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों के लिए होगी.’
लेकिन महिला मतदाताओं के गणित के हिसाब से तीन सिलेंडर के आगे कांग्रेस का वादा ज्यादा भारी था. मैसुरू में एक संवाददाता से एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि 2000 रुपये की रकम अच्छी है. क्योंकि उसके परिवार मे एक पढ़ा लिखा बेरोजगार बेटा भी है जो 3000 रुपये प्रतिमाह की कांग्रेस गारंटी योजना के लिए योग्य है. इस तरह से उनके परिवार को हर महीने 5000 रुपये मिलेंगे, जो एक बड़ी मदद है. इसके साथ ही हर साल उन्हें प्रधानमंत्री किसान निधि से केंद्र सरकार की ओर से 6000 रुपये मिलते हैं, जो कभी भी बंद नहीं होंगे. इस तरह से महिला का जवाब बताता है कि महिला मतदाताओं ने इस बार चुनाव में दोनों हाथों में लड्डू रखने का फैसला किया.
मतदान के दिन पुरुषों से ज्यादा लंबी महिलाओं की कतार की ओर इशारा करते हुए एक कांग्रेसी नेता ने न्यूज 18 को समझाया, ‘एक महिला मतदाता का फैसला पूरे परिवार को प्रभावित करता है.’ कांग्रेस ने अपने वादों में 5वीं गारंटी को जोड़ कर अपने चुनावी अभियान को गति दी थी, जिसके मुताबिक राज्य में महिलाओं को मुफ्त बस सेवा मुहैया कराई जाएगी. राहुल गांधी ने इसे दोहराने के लिए महिलाओं के साथ एक बस में यात्रा भी की थी. इसके साथ ही 10 किलो चावल और 2000 रुपये प्रति माह एक आकर्षक प्रस्ताव था.
भविष्य का खाका
संतोष ने इस बात को स्वीकारा कि महिलाओं के लिए 2000 रुपये कर्नाटक में कांग्रेस के चुनावी अभियान का सबसे बड़ा और अहम बिंदु रहा और विपक्षी दल ने इस वादे के साथ घर-घर जाकर जमीनी स्तर पर काम किया. इन वादों के साथ साथ राज्य के दो करोड़ घरों में गारंटी कार्ड भी बांटे गए. जिस पर विश्वास अर्जित करने के लिए डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के हस्ताक्षर थे. भाजपा ने इस गारंटी कार्ड को बदनाम करने लिए यह कहते हुए अभियान चलाया कि कांग्रेस ने अन्य राज्यों में भी जीत के बाद इस तरह के वादों को नहीं निभाया लेकिन मतदाताओं ने उन पर विश्वास करना उचित नहीं समझा.
हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक की जीत ने बुझ रही कांग्रेस को संजीवनी प्रदान की है. इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल में भाजपा की वफादार महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए यहां भी प्रत्येक महिला को 1500 रुपये महीना देने का वादा किया था. अब साल के अंत में मध्य प्रदेश में होने वाले चुनाव के लिए भी कमलनाथ यहीं दांव खेल रहे हैं. कांग्रेस यही रणनीति तेलंगाना, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी अपना सकती है. 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भी न्याय 2.0 की तरह के वादे महिलाओं के लिए पूरे देश में किए जा सकते हैं.
भाजपा महिलाओं को अब यह संदेश देने की योजना बना रही है कि इस तरह की नगद सहायता देश की अर्थव्यवस्था में राजकोषीय आपदा ला सकती है, जबकि उनकी योजनाएं ज्यादा बेहतर हैं. क्योंकि वह महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: BJP, Congress, DK Shivakumar, Karnataka Assembly Election 2023, Karnataka election, Karnataka Election Result
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 14:27 IST








