
नई दिल्ली. बॉलीवुड गलियारों में सिर्फ प्यार या रिश्तों के टूटने के किस्से ही नहीं, बल्कि कई ऐसे भी किस्से हैं, जिसको आज याद करके फैंस ही नहीं खुद एक्टर और एक्ट्रेस भी हंस पड़ते हैं. आज जो किस्सा हम आपके साथ साझा करने जा रहे हैं, वो किस्सा 58 साल पुराना है. किस्सा राज कुमार, शर्मिला टैगोर और शशि कपूर से जुड़ा है. 60, 70 दशक की मशहूर एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर एक्ट्रेस के साथ-साथ लोग उनकी खूबसूरती के भी काफी दीवाने थे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक बार राज कुमार की वजह से शर्मिला टैगोर को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था और शर्मिला टैगोर वो काम कर रही थीं, जिसके वजह से शशि कपूर की धड़कने बड़ी हुईं थी.
शर्मिला टैगोर के फिल्मी करियर के बारे में तो आप बहुत कुछ जानते होंगे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यश चोपड़ा की फिल्म ‘वक्त’ में राज कुमार, शशि कपूर, बलराज साहनी, साधना और सुनील दत्त के साथ काम किया था और शूट सीक्वेंस के दौरान नैनीताल जाना पड़ा, तो शर्मिला ने राज कुमार की ‘शान’ के खातिर परेशानी झेली थी.
राज कुमार की वजह से झेली परेशानी
शर्मिला टैगोर ने इस किस्से का जिक्र खुद किया था. उन्होंने ‘द टेलीग्राफ’ से बातचीत में उस राज को खोला था, जिसको फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों के सिवा शायद ही कोई जानता होगा. उन्होंने कहा, ‘मुझे याद है कि हम फिल्म ‘वक्त’ की शूटिंग के लिए नैनीताल जा रहे थे. मेरे साथ राज कुमार थे. उन दिनों गाड़ियां एयर कंडीशनिंग नहीं होती थीं. गाड़ी में गर्मी लग रही थी, लेकिन हम गाड़ी के शीशे नीचे नहीं कर पा रहे थे.’
क्यों नहीं खोले थे कार के शीशे?
इसके पीछे का कारण भी उन्होंने बताया और कहा कि गाड़ी मैं चला रही थी और राज कुमार मेरे साथ बैठे थे. हम शीशे नीचे नहीं कर पा रहे थे क्योंकि वो विग पहनते थे. हमें उनके बालों की वजह से परेशानी उठानी पड़ी और एक डर था कि कहीं उनकी विग न उतर जाए.
शशि कपूर की क्यों अटकी थीं सांसे?
शर्मिला टैगोर ने एक अन्य घटना का भी जिक्र किया. उन्हें एक सीन के दौरान शशि कपूर के साथ एक कार चलानी पड़ी. हालांकि, प्लानिंग में बदलाव किया गया था. उन्होंने कहा कि मुझे भी कार चलानी थी और मुझे कार चलाने नहीं आती थी. इसलिए हमें उन शॉट्स को नकली बनाना पड़ा. इसे लेकर शशि काफी नर्वस रहते थे. शूटिंग के दौरान उन्होंने (शशि कपूर) मुझसे कहा- आप जानती हैं कि मेरे तीन बच्चे हैं, सावधानी से कार चलाइए.
बंगाली फिल्म से शुरू किया करियर
आपको बता दें कि शर्मिला टैगोर ने अपने करियर की शुरुआत हिंदी नहीं, बल्कि बंगाली फिल्मों से की थी. उनकी पहली फिल्म साल 1959 में ‘अपूर संसार’ थी. इस फिल्म को सत्यजीत रे ने डायरेक्ट किया था. इसके बाद एक्ट्रेस ने ‘दाग’, ‘पाप और पुण्य’, ‘अमर प्रेम’, ‘माय लव’, ‘अराधना’ जैसी कई फिल्मों में काम किया. हाल ही में वह ओटीटी पर फिल्म ‘गुलमोहर’ में नजर आई थीं. इसमें उनके साथ मनोज बाजपेयी भी थे.








