
हाइलाइट्स
पाकिस्तान ने 198 भारतीय मछुआरों को रिहा किया.
मछुआरों को वाघा सीमा पर भारत को सौंपा गया.
200 भारतीय मछुआरों को रिहा किया जाना था. मगर उनमें से दो की मौत हो गई.
नई दिल्ली. पाकिस्तान (Pakistan) ने 198 भारतीय मछुआरों (Fishermen) को रिहा कर दिया है. इन सभी को पाकिस्तान की जल सीमा में कथित रूप से अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. मछुआरों को गुरुवार शाम को कराची की मलीर जेल से रिहा कर दिया गया और उन्हें वाघा सीमा (Wagah Border) पर भारत को सौंपा गया. मलीर जेल अधीक्षक नजीर टुनियो ने कहा कि उन्होंने भारतीय मछुआरों के कैदियों के पहले जत्थे को रिहा कर दिया है और दो और जत्थों को जून और जुलाई में रिहा किया जाएगा. टुनियो ने कहा कि “हमने गुरुवार को 198 कैदियों को रिहा किया जबकि 200 और 100 के जत्थों में और कैदी बाद में रिहा किए जाएंगे.”
टुनियो ने बताया कि मलीर जेल से गुरुवार को 200 भारतीय मछुआरों को रिहा किया जाना था लेकिन उनमें से दो की बीमारी के कारण मौत हो गई. भारतीय मछुआरों में से एक मुहम्मद जुल्फिकार का 6 मई को निधन हो गया और दूसरे मछुआरे सोम देव का लंबी बीमारी के बाद 9 मई को निधन हो गया. उनके शवों को एधी फाउंडेशन की मोर्चरी में तब तक रखा जाएगा, जब तक कि उन्हें भारत नहीं लाया जा सकता. सोमा और उनके भतीजे उन दर्जन भर भारतीय मछुआरों में शामिल हैं, जिन्हें करीब साढ़े चार साल पहले समुद्र में गिरफ्तार किया गया था और वे मालिर जेल में बंद थे. सोमा को दो बार इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था. वहीं जुल्फिकार की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई.
इमरान खान के करीबी शाह महमूद कुरैशी को क्यों किया गिरफ्तार? पाक पुलिस ने बताया असल कारण
एधी वेलफेयर ट्रस्ट के फैसल एधी ने कराची से लाहौर तक मछुआरों के परिवहन की व्यवस्था ट्रेन के माध्यम से की. जहां उन्हें वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया. फैसल ने कहा कि कुछ और भारतीय मछुआरे भी बीमार दिख रहे थे. गौरतलब है कि पाकिस्तान और भारत नियमित रूप से एक-दूसरे के मछुआरों को समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के लिए गिरफ्तार करते हैं. जो दोनों देशों के बीच संबंधों के सबसे खराब रूप को पेश करते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Fishermen, India pakistan, Karachi
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 10:55 IST








