
हाइलाइट्स
एलन मस्क खुद प्रोडक्ट डिजाइन और न्यू टेक्नोलॉजी से जुड़ा कामगाज संभालेंगे.
अभी एलन मस्क स्वयं ही ट्विटर के सीईओ का पद संभाल रहे हैं.
यासरिनो के सामने ट्विटर में कई चुनौतियां होंगी.
नई दिल्ली. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (Twitter) की कमान अब एक महिला के हाथ होगी. ट्विटर के मालिक और अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने (Elon Musk) ने ट्वीट कर बताया कि लिंडा यासरिनो (Linda Yaccarino) ट्विटर की नई सीईओ होंगी. ट्विटर के अधिग्रहण के बाद एलन मस्क ने तत्कालीन सीईओ पराग अग्रवाल की छुट्टी कर दी थी और खुद ही यह पद संभाल रहे थे. यासरिनो मस्क की पुरानी फ्रेंड है. फिलहाल वे ग्लोबल एडवरटाइजिंग कंपनी एनबीसीयूनिवर्सल (NBCUniversal) मीडिया की चेयरमैन हैं.
एलन मस्क ने लिंडा की नियुक्ति की घोषणा करते हुए ट्विटर पर लिखा,”मैं ट्विटर के नए CEO के रूप में लिंडा यासरिनो का स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं!” उन्होंने बताया कि लिंडा प्लेटफॉर्म के बिजनेस ऑपरेशंस पर फोकस करेंगी. एलन मस्क खुद प्रोडक्ट डिजाइन और न्यू टेक्नोलॉजी से जुड़ा कामगाज संभालेंगे. दो दिन पहले ही एलन मस्क ने ट्वीट कर बताया था कि 6 सप्ताह में ट्विटर को नया सीईओ मिल जाएगा और यह पद एक महिला संभालेंगी. हालांकि तब उन्होंने सीईओ का नाम नहीं बताया था. लेकिन, लिंडा यासरिनो ही यह पद संभालेंगी, इसके कयास लगने शुरू हो गए थे.
एड सेल्स में महारथ
लिंडा यासरिनो ने पेन स्टेट यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा हैं. एनबीसी यूनिवर्सल में वे करीब एक दशक से काम कर रही हैं. एडवरटाइजिंग के प्रभावों को आंकने के बेहतरीन विकल्प खोजने में उन्हें महारत हासिल है. साथ ही उन्हें एड सेल्स में भी दक्ष माना जाता है. वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, यासरिनो और उनकी टीम ने अब तक एड सेल्स से 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा का रेवेन्यू जेनेरेट किया है.साथ ही वे ग्लोबल, नेशनल और लोकल एड सेल्स, पार्टनर्शिप, एड टेक डेटा मैजरमेंट और स्ट्रैटेजिक इनेशिएटिव्स में भी पारंगत है. लिंडा यासरिनो ने टर्नर में 19 वर्षों तक काम किया है. जब उन्होंने टर्नर छोड़ी तब वे एडवर्टाइजिंग सेल्स, मार्केटिंग और अधिग्रहण की वाइस प्रेसीडेंट थी.
यासरिनो के सामने चुनौतियो का पहाड़
यासरिनो के सामने चुनौतियो का पहाड़ है. उनकी राह ट्विटर में कतई आसान नहीं है. कंपनी की कमाई में लगातार गिरावट हो रही और विज्ञापन से आने वाला राजस्व भी कम हुआ है. पिछले सात महीनों में ही कंपनी की कमाई 50 फीसदी गिर चुकी है. पिछले महीने ही मियामी में हुई एक की-नोट कांफ्रेंस में एलन मस्क और लिंडा यासरिनो साथ नजर आए थे. इसके बाद ही एनबीसीयूनिवर्सल और ट्विटर के बीच विज्ञापन समझौता हुआ था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Business news in hindi, Elon Musk, Twitter, Twitter India
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 08:37 IST








