
Vande Bharat Train: देश की पहली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन का तेजी से विस्तार हो रहा है. पूरी तरह स्वदेश में विकसित यह दुनिया की एक सबसे बेहतरीन ट्रेन है. कई मामलों में यह बुलेट ट्रेन तक को मात देती है. इसे अब तेजी से देश के सभी प्रमुख रेल मार्गों पर चलाने का प्रयास किया जा रहा है. इसी कड़ी में रेलवे दो राज्यों की राजधानियों के बीच इस ट्रेन को चलाने जा रही है. वैसे तो इन दोनों शहरों के बीच मौजूदा वक्त रोज में 10 ट्रेनें चल रही हैं. अब 11वीं ट्रेन वंदेभारत होगी. इन दोनों शहरों के बीच बड़ी संख्या में नियमित यात्री सफर करते हैं. इसमें बड़ी संख्या कारोबारियों और श्रद्धालुओं की होती है. ऐसे में वंदे भारत चलाए जाने से इनको बड़ी सहूलियत मिलेगी.
इन दो राजधानियों में से एक है कोलकाता और वहां के प्रमुख स्टेशन हावड़ा से तक यह ट्रेन चलेगी. हावड़ा देश का एक प्रमुख और सबसे पुराना रेलवे स्टेशन है. इस स्टेशन पर सबसे ज्यादा 23 प्लैटफॉर्म हैं. दूसरी राजधानी का नाम भुवनेश्वर है. यह ओडिशा की राजधानी है. इस ट्रेन को 17 मई को भुवनेश्वर से हरी झंडी दिखाई जाएगी. भुवनेश्वर से हावड़ा के बीच वंदे भारत का रूट ट्रायल पूरा हो चुका है. यह 16वीं वंदे भारत ट्रेन होगी. मौजूदा वक्त में पूर्वोत्तर के तीन-चार राज्यों को छोड़कर देश के करीब-करीब सभी प्रदेशों में वंदे भारत चल रही है.
टाइमिंग क्या होगी?
जहां तक टाइमिंग की बात है तो यह ट्रेन भुवनेश्वर से दोपहर में और हावड़ा से सुबह में अपने गंतव्य के लिए चल सकती है. अभी इस रूट की प्रमुख ट्रेन जन शताब्दी सुबह 6 बजे भुवनेश्वर के लिए चलती है और दोपहर 12.40 बजे हावड़ा पहुंचती है. फिर वापसी में हावड़ा से वह 15.03 बजे यानी दोपहर तीन बजकर तीन मिनट पर चलती है.
इन दो शहरों को जोड़ने के साथ-साथ यह ट्रेन पूर्वी भारत के दो प्रमुख धर्म स्थलों को भी जोड़ेगी. इनमें एक देश के चार धामों में से एक है. इनमें ओडिशा का भगवान जगन्नाथ पुरी का मंदिर है और दूसरा पश्चिम बंगाल में कोलकाता की कालीजी का मंदिर है. यह ट्रेन भुवनेश्वर से हावड़ा के बीच चलेगी. भुवनेश्वर से पुरी की दूरी करीब एक से सवा घंटे की है, वहीं हावड़ा से कालीजी का मंदिर की दूरी करीब आधे घंटे की होगी. इस तरह ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद दोनों धार्मिक स्थलों को जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ दोनों शहरों के लोगों का आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा.
बिहार को मिलने जा रही पहली वंदेभारत, मगर दिल्ली-कोलकाता नहीं इस शहर को करेगी कनेक्ट
29 साप्ताहिक ट्रेनें
दोनों शहरों के बीच मौजूदा समय में 10 ट्रेनें रोजाना चल रही हैं. वहीं, 29 ट्रेनें ऐसी हैं जो सप्ताह में एक, दो या तीन दिन चलती हैं. भुवनेश्वर से हावड़ा के बीच जन शताब्दी चलती हैं, जो 436 किमी. की दूरी करीब सात घंटे में पूरी करती है. शताब्दी आठ स्टेशनों में रुकती है, जिसमें कटक, जाजपुर, क्योंझार रोड, भद्रक, सोरो, बालासोर, जलेस्वर, खड़कपुर शामिल हैं. वंदेभारत ट्रेन साढ़े पांच से छह घंटे में यह दूरी तय करेगी. जन शताब्दी के मुकाबले वंदेभारत ट्रेन के स्टापेज भी कम होंगे. रेल मंत्रालय के अनुसार ओडिशा वंदेभारत ट्रेन शुरू होने के बाद झारखंड और बिहार के लिए भी वंदेभारत ट्रेन जल्द चलाई जाएगी. यह ट्रेन दोनों राज्यों की राजधानियों रांची से पटना को जोड़ेगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 16:26 IST








