
गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को गुजरात के गांधीनगर में अखिल भारतीय शिक्षा संघ अधिवेशन (Akhil Bhartiya Shiksha Sangh Adhiveshan) में शिक्षकों को संबोधित किया. पीएम मोदी ने शिक्षकों को कुछ टिप्स और मोटिवेट किया, ताकि समाज में टीचर्स बड़े पैमाने पर अपना योगदान दे सकें. उन्होंने पाठ्यक्रम से हटकर छात्रों के विकास पर शिक्षकों के गहरे प्रभाव के बारे में भी बात की. सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने ऐसे समय में सभी शिक्षकों के अहम योगदान पर प्रकाश डाला, जब भारत अमृत काल में विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आप इस बात को हमेशा ध्यान में रखिए कि बच्चे आप से, आपकी सोच से, आपके व्यवहार से, आपकी बोलचाल से बहुत कुछ सीखते रहते हैं. ‘
पीएम मोदी ने कहा,’आप जो पढ़ा रहे हैं और छात्र जो आपसे सीख रहा है, उसमें कभी-कभी काफी अंतर होता है. आप सोचते होंगे आप गणित, विज्ञान, इतिहास या कोई अन्य विषय पढ़ा रहे हैं, लेकिन छात्र आपसे सिर्फ वो विषय नहीं सीख रहा. वह यह भी सीख रहा है कि अपनी बात कैसे रखनी चाहिए. वह आपसे धैर्य रखने और दूसरों की मदद करने जैसे गुण भी सीख रहा है.’
शिक्षकों को देखकर ही बच्चे सीखते हैं: पीएम नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों से कहा, ‘बच्चे आपको देखकर ही सीखते हैं. छात्र सीखते हैं कि सख्त छवि रखकर भी प्यार कैसे जताया जा सकता है. निष्पक्ष रहने का गुण भी बच्चों को शिक्षकों से ही मिलता है. इसलिए प्राइमरी एजुकेशन का रोल बहुत जरूरी होता है. छोटे बच्चों के लिए टीचर परिवार से बाहर वह पहला व्यक्ति होता है जिसके साथ वह सबसे ज्यादा समय बिताता है. इसलिए आप सभी में इस दायीत्व का एहसास भारत की आने वाली पीढ़ियों को बहुत मजबूत करेगा. ‘
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Gujarat news, Pm narendra modi
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 15:48 IST








