नई दिल्ली. 40 और 50 के दशक में एक एक्ट्रेस को ‘रबर गर्ल’ कहा जाता था. वजह थी उनका डांस. उनके डांस में ऐसी लचक और फुर्ती थी कि लोग हैरान रह जाते थे. उस दौर में जब गाने की धुन पर वह कमर को बलखाती थीं, तो लोग कह उठते थे, वाह… ऐसी नजाकत और कहां. इसी ‘रबर गर्ल’ के नाम बॉलीवुड की पहली आइटम गर्ल का टैग भी है. कैबरे डांस को जिसने बॉलीवुड में पहचान दिलाई, वो एक्ट्रेस कोई और नहीं, बल्कि कुक्कू मोरे हैं. जिन्होंने अपनी जवानी तो आलिशान तरह से काटी लेकिन जीवन के आखिरी दिनों में दो वक्त की रोटी और पाई-पाई के लिए मोहताज हो गईं.
पुराने दौर में बमुश्किल ही कोई ऐसी फिल्म होती थी, जिसमें कुक्कू मोरे का डांस न हो. उस दौर में वो फिल्मों की जान हुआ करती थी, एक गाने पर डांस की फीस 6000 रुपए होती थी. ये रकम उस दौरान आज के करोड़ों के बराबर की है. पैसा और शोहरत दोनों बहुत कमाई लेकिन आखिर के दिनों में सड़क से उठाकर खाना खाना पड़ा और कैंसर हुआ तो इलाज के पैसे नहीं थे और तो और अंतिम संस्कार फिल्म इंडस्ट्री से कोई नहीं पहुंचा. आखिर क्यों बर्बाद हुई एक्ट्रेस की जिंदगी आज आपको बताएंगे.
रंगीन फिल्मों ने बढ़ाई ‘रबर गर्ल’ की पॉपुलैरिटी
कुक्कू मोरे का जन्म एंग्लो- इंडियन परिवार में 1928 में हुआ था. 1946 में आई फिल्म ‘अरब का सितारा’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा, जिसको नानूभाई पटेल ने निर्देशित किया था. उनके डांस के कारण 40-50 के दशक में हर फिल्ममेकर की पहली पसंद रहीं. दो साल बाद फिल्म ‘अनोखी अदा’ में दिखाई दी. रंगीन फिल्मों का दौर आया तो उनकी पॉपुलैरिटी बढ़ गईं और फिर वह लगभग हर फिल्म की हिस्सा होने लगी.

बॉलीवुड की पहली आइटम गर्ल की गजब थी रईसी, लाइफ स्टाइल पर पानी की तरह पैसे बहाती.
हजारों के कपड़े और चप्पल थी कभी पास
40 और 50 के दशक में चंद मिनटों के एक गाने के लिए 6000 रुपये लिया करती थी, जो उस समय काफी ज्यादा हुआ करते थे. कुक्कू मोरे ने अपनी जवानी आलीशान तरीके के जी. 8000 डिजाइनर ड्रेसेस हो या 5000 फुटवियर्स, एक से बढ़कर एक उनके पास हुआ करती थीं. कहते हैं वो न तो कोई ड्रेस रिपीट करती थीं न ही फुटवियर.
कुत्ते भी करते थे लग्जरी कार की सवारी
कुक्कू की रईसी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब हीरो साईकिल से सेट पर पहुंचा करते थे, तब इनके पास 3 लग्जरी गाड़ियां थीं. एक गाड़ी तो इन्होंने अपने कुत्तों के लिए खरीद रखी थी, जिसमें उन्हें साथ सेट पर और घुमाने ले जाया जाता था. दूसरी गाड़ी इन्होंने अपने लिए खरीद रखी थी और तीसरी दूसरे कामों में इस्तेमाल की जाती थी.
1962 में इंडस्ट्री से लिया रिटायरमेंट
हेलेन और वैजयंती माला जैसी कई हीरोइन 70 के दशक में बतौर डांसर अपनी धाक जमा चुकी थीं, ऐसे में कुक्कू को काम भी नहीं मिल रहा था और फिर उन्होंने 1962 में इंडस्ट्री से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर लिया.
पहले पैसे की कद्र नहीं की फिर…
कुक्कू सिर्फ खुद पर ही नहीं मेहमानों पर भी पानी की तरह पैसे बहाती थीं. उस दौर में उनकी रईसी की चर्चा फिल्म इंडस्ट्री के अलावा पूरे देश में थी. मुंबई में लग्जरी बंगला, जिसमें हर जरूरी सामान और कई नौकर-चाकर, लेकिन कहते हैं न कि पैसे की जो कद्र नहीं करता पैसा उसकी भी नहीं करता है, ऐसा ही कुछ कुक्कू के साथ भी हुआ.
1981 में कुक्कू मोरे का निधन हो गया. (फोटो साभार:
Film History Pics/TWITTER)
अपनी गरीबी का जिम्मेदार खुद को मानती थीं कुक्कू
तबस्सुम ने अपने शो तबस्सुम टॉकीज में कुक्कू के बारे में बताया था कि वो अपनी गरीबी का जिम्मेदार खुद को मानती थीं. कुक्कू ने एक बार तबस्सुम से कहा था, ‘जब मेरे पास बेतहाशा पैसे थे तब मैंने उसकी कद्र नहीं की. मैंने पैसों को पानी की तरह बहाया. मैंने पैसों से प्यार किया, लेकिन मेरी जिंदगी में दिक्कतें तब शुरू हुईं, जब मैंने खाने की कद्र नहीं की. उन्होंने बताया कि कुक्कू बड़े-बड़े 5-स्टार होटलों से खाना मंगवाती थीं, दोस्तों को खिलाती थीं, खुद भी खाती थीं, जो बच जाता था उसे फेंक दिया करती थीं. ऊपरवाले को उनकी ये बेतरतीबी पसंद नहीं आई और फिर वो दिन भी आया जब वह एक-एक दाने को मोहताज हो गई. कभी शान से नौकरों से घिरी रहने वालीं कुक्कू खुद अपने घर के सारे काम करती थीं.
सड़ी हुई सब्जियां घर में पकाई, सड़क पर काटीं रातें
तबस्सुम ने बताया था कि कुक्कू गरीबी में खाने की तलाश में सड़कों पर निकला करती थीं. पैसे नहीं होते थे तो कोई सामान नहीं देता था. एक समय ऐसा आया जब वो सब्जी की दुकानों के बाहर खड़ी इंतजार करती थीं. जैसे ही सब्जीवाला सब्जी धोकर सड़ी हुई सब्जियां फेंकता था तो कुक्कू उन्हें ही उठाकर घर ले आती थीं. उन्हीं सड़ी सब्जियों को पकाती और खाती थीं. गरीबी के दिन ऐसे आए कि घर का किराया देने के पैसे नहीं बचे. सड़कों पर ही सोतीं और भीख में जो कुछ मिलता उससे गुजारा करती थीं, जब कुछ नहीं होता तो सड़कों से खाना उठाकर खाती थीं.
दर्दनाक हुआ अंत
1963 के बाद कुक्कू मोरे गरीबी के कारण लोगों से दूर होती गईं और फिर धीरे-धीरे लोगों ने भी उनको पूछना बंद कर दिया. 1980 में उन्हें कैंसर हो गया, लेकिन गरीबी ऐसी कि दवाइयों के पैसे तक नहीं होते थे. 1981 में कुक्कू को टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने 30 सितंबर को दम तोड़ दिया था. अब न तो कोई परिवार था न कोई बच्चे तो आखिरी विदाई के लिए भी कोई मौजूद नहीं था. कुछ लोगों ने मिलकर उनका अंतिम संस्कार करवाया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Entertainment Special
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 11:51 IST








