
लखेश्वर यादव/जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर चाम्पा जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. शुक्रवार सुबह से झुलसा देने वाली गर्मी ने सभी को परेशान कर रखा है. ऐसा लग रहा है मानो आसमान से आग बरस रहे हों. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. जरूरी काम होने पर ही लोग घर से निकल रहे हैं. गर्मी के कारण दोपहर में सड़कें सूनी हो जा रही है. गर्मी से बचने के लिए लोग एसी, कूलर के साथ ही शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं.
अप्रैल के शुरू होते ही भीषण गर्मी पड़ रही थी, लेकिन बदलते मौसम के कारण बारिश के बाद राहत मिली थी. उसके बाद फिर से मई माह में गर्मी ने यू-टर्न ले लिया. सुबह से गर्म हवाएं चल रही है.दिन चढने के साथ धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया. गर्म हवाओं के प्रभाव से सेहत पर भी इसका असर पड़ने लगा है. दोपहर में सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाता है. दिन चढ़ने के साथ सूर्य का तेवर भी तेज हो रहा है. मौसम विभाग अब लोगों को घर से निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, दही, लस्सी या छाछ का सेवन, ओआरएस घोल पीने के साथ धूप में चश्मा लगाकर व सर पर कपड़ा या टोपी लगाकर निकलने की सलाह दे रहा है.
हीट स्ट्रोक से बचने के उपाय..
घर से बाहर खाना खाने के बाद ही निकलना चाहिए. कोशिश करें कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सीधे सूर्य की रोशनी से बचे. बाहर जाने पर धूप से बचने के लिए सिर पर गमछा, टोपी, धूप का चश्मा तथा सूती के ढीले कपडे पहनें. प्यास न लगने पर भी पानी पीते रहें. मौसमी फल और छाछ, लस्सी समय-समय पर लेते रहें. अगर लू के चपेट में आ जाये तो नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करें.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Weather Alert
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 10:43 IST








