
कोटा. एजुकेशन सिटी कोटा में आज एक और स्टूडेंट ने पंखे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. छात्र की पहचान धनेश कुमार (15) के रूप में हुई है. डेढ़ महीना पहले ही यूपी के बुंदेलखंड से वह कोचिंग क्लास करने कोटा आया था. यहां वह कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित लैंड मार्क सिटी इलाके में गिरिराज रेजिडेंसी हॉस्टल में रह रहा था.
पुलिस के मुताबिक, धनेश कुमार मगलवार रात 9 बजे के बाद अपने रूम से बाहर नहीं निकला था. सुबह परिजनों ने फोन किया तो उनका फोन भी नहीं उठा. बताया जा रहा है कि धनेश कोटा में रहकर नीट की कोचिंग करने आया था. सुबह जब परिजनों और उनके दोस्त का फोन नहीं उठा तो दोस्त ने हॉस्टल पर आकर हॉस्टल संचालक के साथ रूम में देखा. वहां धनेश की लाश पंखे से लटकी नजर आई.
हॉस्टल संचालक ने कुन्हाड़ी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंच कर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है. धनेश की डेड बॉडी का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है. धनेश कुमार चार बड़ी बहनों का इकलौता भाई था. इसके पिता इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं और मां सरकारी टीचर हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 08:23 IST








