कौशाम्बी। मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज पर कथित हमले के मामले में FIR दर्ज होने के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज ने वायरल वीडियो के जरिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते दबाव बनाकर उनके खिलाफ फर्जी और मनगढ़ंत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इंद्रजीत सरोज ने कहा कि समाजवादी पार्टी में आने के बाद से कौशाम्बी में भाजपा लगातार चुनाव हार रही है। इसी राजनीतिक बौखलाहट में उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। विधायक ने आरोप लगाया कि नगरपालिका अध्यक्ष को आगे करके डिप्टी सीएम के इशारे पर यह पूरा मुकदमा दर्ज कराया गया है। विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस घटना का जिक्र किया जा रहा है, वैसी कोई घटना हुई ही नहीं। उन्हें मुकदमे की जानकारी भी बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मऊहर गांव के लोगों, दुकानदारों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जाए। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाए, जिससे घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। विधायक के मुताबिक, वह कार्यकर्ताओं से मिलने मऊहर गांव गए थे और मुख्य सड़क से हटकर प्रदीप चौधरी के घर बैठे थे। इंद्रजीत सरोज ने नगरपालिका अध्यक्ष पर राजनीतिक टीआरपी बढ़ाने और भाजपा से विधानसभा का टिकट पाने की कोशिश में पूरा घटनाक्रम तैयार कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक ईर्ष्या और द्वेष के चलते उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। विधायक ने दो टूक कहा कि वह समाजवादी पार्टी के सिपाही हैं और फर्जी मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। पुलिस को मुकदमा दर्ज करने से पहले निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी। अब चार्जशीट दाखिल होने पर वह न्यायालय में अपना पक्ष रखेंगे। अदालत में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। फिलहाल इस मामले ने कौशाम्बी की राजनीति में नया उबाल ला दिया है। एक तरफ नगरपालिका अध्यक्ष की तहरीर पर FIR दर्ज है, तो दूसरी तरफ विधायक ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं।







