गंगसरी प्राथमिक विद्यालय में सपोर्टिव सुपरविजन, गतिविधि आधारित शिक्षण का लिया जायजा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कौशाम्बी। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी के आदेश एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देश पर शुक्रवार को राज्य संदर्भ समूह के सदस्य डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने विकास खंड मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय गंगसरी में सपोर्टिव सुपरविजन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षा-कक्ष में शिक्षण व्यवस्था, बच्चों की अधिगम दक्षता तथा निपुण भारत मिशन की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में नामांकित 44 बच्चों के सापेक्ष 35 बच्चे उपस्थित मिले। डॉ. सिंह ने सहना बानो, इलमा, आकाश और अदनान सहित अन्य बच्चों से संवाद कर उनकी पठन, लेखन एवं गणितीय समझ का आकलन किया। उन्होंने बच्चों की शैक्षिक दक्षता और कक्षा स्तर के अनुरूप सीखने की क्षमता को भी परखा।

विद्यालय में हस्ताक्षर करके सीखें, गणित किट के ब्रिक्स-टाइल्स, कार्यपुस्तिका, शिक्षक संदर्शिका एवं टेन टूल किट के माध्यम से गतिविधि आधारित शिक्षण कराया जा रहा है। डॉ. सिंह ने शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

उन्होंने कहा कि सपोर्टिव सुपरविजन का उद्देश्य शिक्षकों को सहयोग प्रदान करना और बच्चों को बेहतर सीखने के अवसर उपलब्ध कराना है। निपुण भारत मिशन का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता से संपन्न बनाना है। इसके लिए शिक्षकों को गतिविधि आधारित और बाल केंद्रित शिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजन प्रजापति मौजूद रहे।

UP Headline
Author: UP Headline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें