कौशाम्बी-
बुधवार को समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में जनहित और किसानहित में सिराथू तहसील स्तरीय कई समस्यायों को लेकर सिराथू तहसील परिसर में प्रदर्शन किया गया और नारेबाजी कर उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव को जिलाधिकारी कौशांबी को संबोधित एक पांच सूत्रीय ज्ञापन पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी की अगुवाई में सौंपा गया।
सौंपे गए ज्ञापन में सिराथू तहसील के घाटमपुर, देवखरपुर, कुरामुरीदन, कछुआ, कमालपुर समेत सभी विद्युत उपकेंद्रों से शाम और रात को हो रही विद्युत कटौती बंद कर रोस्टर से 22 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, गंगा नदी किनारे बसे तरसौरा, परसखी सुखऊ का पुरवा आदि गांवों में गंगा नदी के भारी जल प्रवाह से आई बाढ़ में डूबने से बर्बाद हुई फसलों का सक्षम अधिकारी द्वारा मौका मुआयना करने और किसानो को समुचित मुआवजा देने, मोंगरी के ताल में जलभराव से प्रभावित फसलें का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने, सिराथू से रामसहयपुर पैईशा मार्ग और धाता से जुवरा नारा टेंवा जर्जर मार्ग की मरम्मत कराने और भारी बारिश से गरीबों के गिरे घरों का सर्वे कराकर गरीबों को आवासीय सुविधा प्रदान करने जैसी मांगे शामिल थीं।
इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी ने कहा कि गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। आगे कहा कि ऐसी स्थिति में सक्षम अधिकारी द्वारा मौका मुआयना कर किसानो को पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। इसी के साथ मुन्ना लाल तिवारी ने कहा कि प्रशासन किसानो की समस्यायों का निराकरण नहीं कर रहा है जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के साथ ज्ञापन उपजिलाधिकारी सिराथू को सौंपा गया। उपजिलाधिकारी सिराथू ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए सभी मांगों पर समुचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर अजय सोनी प्रेमचंद्र केसरवानी मुन्ना पटेल सत्यम मिश्र, बबलू केसरवानी, इंद्रजीत यादव, श्याम लाल पाल एडवोकेट गुलाब सिंह एडवोकेट बसंत सिंह एडवोकेट जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।









