कौशाम्बी
करारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर कस्बे में शनिवार की शाम को बाइक में टक्कर मारने के विवाद ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया। आरोप है कि किराए के मकान में रहने वाले एक दबंग युवक ने अपने साथियों को बुलाकर दो सगे भाइयों के साथ मारपीट की और तमंचे से तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली बड़े भाई की जांघ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आजाद नगर निवासी मोइन उद्दीन (19) पुत्र रईस अहमद के मुताबिक, वह शनिवार शाम लगभग 6 बजे बाजार से बाइक लेकर घर लौट रहा था। आरोप है कि मदरसे के पास एक युवक एक लड़की से छेड़खानी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने बाइक दौड़ाते हुए मोइन की बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने परिवार के अन्य लोगों को बुला लिया और मोइन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर मोइन का बड़ा भाई मोइस उद्दीन (23) मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। विवाद के बीच मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि इसी दौरान एक दबंग ने तमंचा निकालकर फायर कर दिए। गोलियां चलते ही मौके से लोग भाग निकले। इसी बीच एक गोली मोइस उद्दीन की जांघ में लग गई और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
आरोप है कि फायरिंग के बाद दबंगों ने कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही करारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से मंझनपुर जिला अस्पताल भेजा, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट और फायरिंग की घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









