कौशांबी। मनौरी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आदिल को पिपरी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात कमालपुर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान भागते हुए आदिल ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है। घायल आदिल को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया।
पूछताछ में आदिल ने अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मनौरी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में अब तक महिला समेत चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि मनौरी में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बाद से पुलिस और प्रशासन लगातार मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटे हैं। पिपरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









