कौशाम्बी- मृतका की छोटी बहन ने मृतका के मोबाइल से हुई प्रेमी व नाजिया के बीच बातचीत का आडियो सौंपते हुए उच्चाधिकारियों से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी
कौशांबी में एक युवती के दफनाए गए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग बीते क ई दिनों से चल रही थी। युवती की छोटी बहन ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए प्रेमी पर आरोप लगाया था। यह शिकायत सोमवार को जिले के उच्चाधिकारियों को आडियो रिकॉर्डिंग व लिखित रूप में दी गई थी। जिसे लेकर डीएम के निर्देश पर बुधवार की दोपहर को शव कब्र से खोदवाकर निकलवाया गया।
पूरा मामला पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के जाफरपुर महावा गांव का है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बड़ी बहन नाजिया (23) की तबीयत 20 अप्रैल को अचानक खराब हो गई थी। गांव के शादाब खान ने उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानकर 21 अप्रैल को शव को दफना दिया था।
हालांकि, बाद में जब मृतका का मोबाइल फोन परिजनों ने देखा, तो उसमें कई ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलीं। इन रिकॉर्डिंग में नाजिया और शादाब खान के बीच बातचीत दर्ज थी।
रिकॉर्डिंग से पता चला कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे। आपसी बहस के बाद नाजिया ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शादाब को इस बात की जानकारी थी और वही नाजिया को अस्पताल ले गया था।
मृतका की छोटी बहन ने सोमवार को जिले के आलाधिकारियों को ये ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपते हुए दफनाए गए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। वहीं इस मामले में बुधवार की दोपहर को डीएम के निर्देशन पर नायब तहसीलदार, ओम प्रकाश और पश्चिम शरीरा थानाध्यक्ष हरीश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस सम्बन्ध में मृतका की छोटी बहन ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है हमारी बहन के साथ न्याय होगा हमने जैसे शिकायत की थी प्रशासन ने तुरंत संज्ञान में लिया और शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेजा।अब रिपोर्ट आने पर सच सामने आयेगा।








