*कौशाम्बी —
सिराथू तहसील क्षेत्र के कन्थुवा में बुधवार को तहसील प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटवाया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे स्थिति नियंत्रण में बनी रही।कार्रवाई के बाद गांव में असंतोष का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने अभियान के दौरान केवल कुछ लोगों के अतिक्रमण को हटाया, जबकि अन्य कई स्थानों पर मौजूद अतिक्रमण को नजरअंदाज कर दिया गया। पीड़ित चंद्र प्रकाश ने बताया कि उनकी माता की तबीयत खराब थी और वह अस्पताल में थे, इसी दौरान बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी गई। वहीं राजेश पाल का कहना है कि उनके प्रधानमंत्री आवास के सामने रखी टीन को बिना नोटिस हटाया गया। सुनील निषाद ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगभग 8 बीघा भूमि पर अवैध अतिक्रमण है, लेकिन कार्रवाई केवल उन्हीं पर की गई, जबकि अन्य लोगों को छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई हो तो सभी अतिक्रमण पर समान रूप से की जानी चाहिए। प्रधान प्रतिनिधि कमलेश निषाद ने भी इस मामले में सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी को सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत भेजी है। उनका कहना है कि जिस महिला के घर को अवैध निर्माण बताकर गिराया गया, उस भूमि की पहले सही तरीके से नाप-जोख होनी चाहिए थी, लेकिन बिना प्रक्रिया पूरी किए कार्रवाई कर दी गई।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई निष्पक्ष नहीं रही। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।








