कौशाम्बी–
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मूरतगंज में सोमवार को कक्षा 8 की उत्तीर्ण छात्राओं के लिए विदाई समारोह और वार्षिक परीक्षा फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और भावुक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खण्ड विकास अधिकारी मूरतगंज बृजेश प्रसाद उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।विद्यालय की छात्राओं ने अपनी विदा हो रही दीदियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कनिष्ठ छात्राओं ने अपनी वरिष्ठ छात्राओं को उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कई छात्राओं की आँखें नम हो गईं।विद्यालय प्रबंधन द्वारा वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।कक्षा 8 की उत्तीर्ण 25 छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया।इस दौरान मुख्य अतिथि बृजेश प्रसाद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा संबल है। कस्तूरबा गांधी विद्यालय में सीखी गई अनुशासन और नैतिकता की शिक्षा आपको जीवन के हर मोड़ पर सफलता दिलाएगी वहीं विद्यालय की वार्डेन सविता देवी ने मुख्य अतिथि का आभार जताते हुए अपने संबोधन में कहा कि छात्राओं का जाना भावुक करने वाला है लेकिन उन्हें विश्वास है कि ये छात्राएं अपने आगे के जीवन में विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करेंगी।इस अवसर पर आरती जायसवाल, आराधना सिंह, सरिता कनौजिया, आरती मौर्या, अमृता सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।








