कौशाम्बी
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कड़ा में छात्राओं के बीच पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने और उन्हें देश-दुनिया की घटनाओं से जागरूक रखने के उद्देश्य से समाचार पत्र वाचन गतिविधि का आयोजन किया गया।इस विशेष सत्र के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक समाचार पत्रों को पढ़ा। छात्राओं ने न केवल राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय खबरों में रुचि दिखाई बल्कि खेल, विज्ञान और शिक्षा जगत की नवीनतम जानकारियों पर भी चर्चा की।छात्राओं ने समाचार पत्र के माध्यम से समसामयिक मुद्दों की जानकारी प्राप्त की।इस गतिविधि से छात्राओं के पठन कौशल और शब्दावली में सुधार देखने को मिला।विद्यालय की वार्डेन दीबा ने बताया कि समाचार पत्र पढ़ना ज्ञान का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। हम चाहते हैं कि हमारी छात्राएं केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें बल्कि वे समाज और विश्व की गतिविधियों से भी भली-भांति अवगत रहें।इस कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगी।








