कौशाम्बी–
अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए डिजिटल साक्षरता विषय पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के तहत समाज कल्याण विभाग के निर्देशन में संस्था निर्मल तमसा सेवा समिति द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को स्मार्टफोन के उपयोग, डिजिटल बैंकिंग एवं पेंशन संबंधी सेवाओं के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे आधुनिक तकनीक का सुरक्षित और प्रभावी उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर लीड बैंक मैनेजर नवीन झा ने बुजुर्गों को डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में जहां डिजिटल सुविधाएं जीवन को सरल बना रही हैं, वहीं साइबर धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर बैंक खाते की जानकारी मांगे जाने पर कोई भी विवरण साझा न करें, अन्यथा धोखाधड़ी की संभावना हो सकती है।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के प्रबंधक आलोक राय सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से बुजुर्गों को डिजिटल सुरक्षा और जागरूकता के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।








