कौशाम्बी–
कौशांबी जिले के बड़ा इमामबाड़ा, 22 गांव दोआबा के माध्यम से यहां के ताजियादारों और अजादारों के नाम ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि का विशेष संदेश जारी किया गया है। दरअसल, बड़ा इमामबाड़ा के सरपरस्त आगा मीर सैयद अब्बास हुसैन खोरासानी ने भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के विशेष प्रतिनिधि अब्दुल मजीद इलाही से मुलाकात कर दोआबा क्षेत्र के लोगों की ओर से सांत्वना प्रकट की।
जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च 2026 को आगा मीर सैयद अब्बास हुसैन खोरासानी ने अजादारों के साथ भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के विशेष प्रतिनिधि अब्दुल मजीद इलाही से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आयतुल्लाह अल उज़मा सैयद अली खामेनेई की शहादत पर दोआबा, कौशांबी के ताजियादारों और अजादारों की तरफ से सांत्वना व्यक्त की।साथ ही भारत की ओर आने वाले जहाजों को अनुमति देने के लिए धन्यवाद भी दिया।

इस मौके पर अब्दुल मजीद इलाही ने भी 22 गांव दोआबा, कौशांबी के ताजियादारों के लिए एक विशेष संदेश जारी किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यहां के लोगों की प्रकृति अन्याय के खिलाफ खड़े होने और न्याय का समर्थन करने वाली रही है, इसलिए यहां के लोग इमाम हुसैन से मोहब्बत करते हैं और उनके अजादार हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में अज़ादारी और ताजियादारी की परंपरा बहुत पुरानी है और यहां के लोगों ने इसे अपनी आस्था और इतिहास के साथ आगे बढ़ाया है। उल्लेखनीय है कि ईरान और भारत के संबंध भी सदियों पुराने बताए जाते हैं।
इस दौरान आगा मीर सैयद अब्बास हुसैन खोरासानी ने ईरानी दूतावास पहुंचकर डिप्टी चीफ मोहम्मद जावेद हुसैनी से भी मुलाकात की और सांत्वना व्यक्त की। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार भी दर्ज किए।








