कौशाम्बी–
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के अमीना गांव शिवराज का डेरा में बुधवार रात एक 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, रिंकुल देवी (17) पुत्री मोहनलाल सरोज का कथित रूप से एक मुस्लिम समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह परिजनों पर उसी युवक से शादी करने का दबाव बना रही थी। हालांकि उन्होंने उसे समझाया था कि बालिग होने पर उसकी शादी उसकी पसंद से कर दी जाएगी।बताया जा रहा है कि बुधवार शाम तक रिंकुल सामान्य रूप से घर में परिजनों के साथ हंसी-मजाक करती रही और रात में अपने कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को आशंका हुई। दरवाजा खोलकर देखा गया तो वह कमरे में धन्नी के सहारे रस्सी से फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजनों के अनुसार, उन्हें इस तरह की घटना की कोई आशंका नहीं थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








